नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए स्वस्थ समाज के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। प्रधानमंत्री मोदी ने ऐसे सभी व्यक्तियों के प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त की, जो दूसरों की सेवा में अथक परिश्रम करते हैं और एक स्वस्थ ग्रह की दिशा में काम करते हैं। उन्होंने कहा कि एक मजबूत और सशक्त राष्ट्र के लिए स्वस्थ नागरिकों का होना अत्यंत आवश्यक है।प्रधानमंत्री ने सभी से इस दिशा में सामूहिक प्रयास करने का आग्रह किया। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही और कहा कि देश को स्वस्थ बनाने के लिए हर स्तर पर निरंतर काम करना जरूरी है।प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स संदेश में नागरिकों को शारीरिक रूप से सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सभी के उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हुए कहा कि हर व्यक्ति को अपने स्वास्थ्य को बनाए रखने के लिए हरसंभव प्रयास करना चाहिए।इस अवसर पर उन्होंने शारीरिक व्यायाम के महत्व को दर्शाने वाला एक संस्कृत सुभाषित भी साझा किया- “लघुं कर्मसामर्थ्यं दीप्तोऽग्निर्मेदसः क्षयः।विभक्तघनगात्रत्वं व्यायामदुपजायते॥” प्रधानमंत्री मोदी ने इस श्लोक के माध्यम से बताया कि नियमित व्यायाम से कार्यक्षमता बढ़ती है, पाचन क्रिया बेहतर होती है, मोटापा कम होता है और शरीर मजबूत व सुडौल बनता है।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal