Monday , September 21 2026

घर के पास खड़ी पूर्व पार्षद की कार ले उड़े चोर

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। गुडम्बा इलाके में जानकीपुरम वार्ड द्वितीय के पूर्व भाजपा पार्षद कैलाश यादव की कार चोरी हो गई है। इस मामले में उन्होंने रिपोर्ट दर्ज कराकर पुलिस से कार बरामद करने की गुहार लगाई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सिकंदरपुर, सेक्टर-एच, जानकीपुरम निवासी पूर्व भाजपा पार्षद कैलाश यादव ने बताया कि उन्होंने 18 सितम्बर को अपनी मारुति स्विफ्ट डिजायर कार (नंबर UP 32 FY 1212) को घर के पास रात करीब 9:30 बजे खड़ा किया था। इसके बाद वह घर चले गए। अगले दिन सुबह जब वह बाहर निकले तो कार अपने स्थान पर नहीं मिली। आसपास तलाश करने के बावजूद कार का कोई पता नहीं चला।

कार चोरी होने की जानकारी उन्होंने तत्काल 112 नंबर पर दी। सूचना के बाद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और कार की तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। इसके बाद कैलाश यादव ने तहरीर देकर कार चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराने और आवश्यक कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक दिग्विजय यादव को सौंपी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य माध्यमों से कार का पता लगाने में जुटी है।