लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। अपोलोमेडिक्स सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल ने स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए टाटा मोटर्स के साथ मिलकर ‘वन टाटा वॉकाथन’ के सफल आयोजन में सहभागिता की। इस विशेष पहल में टाटा समूह की विभिन्न कंपनियों के 350 से अधिक लोगों ने उत्साह के साथ कदम मिलाया और सक्रिय जीवनशैली का संदेश दिया।
इस वॉकाथन को होटल ताज महल से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। सभी प्रतिभागी पैदल चलते हुए जनेश्वर मिश्र पार्क के गेट नंबर 6 तक पहुंचे और वहां से वापस होटल ताज महल लौटकर इस अभियान को पूरा किया। आयोजन में टाटा मोटर्स, टाटा पावर, तनिष्क, होटल ताज महल, वोल्टास, क्रोमा और टाइटन सहित टाटा समूह की कई कंपनियों ने व्यापक भागीदारी दर्ज कराई।

इस कार्यक्रम में अपोलोमेडिक्स के एमडी और सीईओ डॉ. मयंक सोमानी, हार्ट सर्जन डॉ. भरत दुबे और लिवर ट्रांसप्लांट सर्जन डॉ. अभिषेक यादव शामिल थे। उनके साथ टाटा समूह के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, जिनमें टाटा मोटर्स प्लांट लखनऊ के हेड दीपक कुमार, टाटा मोटर्स के सीएमओ डॉ. रोहित कुमार, ताज महल लखनऊ के जीएम अफजल खान, टाटा पावर के सीईओ सुबोध दीक्षित और तनिष्क से संजय सिंह मौजूद रहे।
इस अवसर पर अपोलोमेडिक्स के एमडी और सीईओ डॉ. मयंक सोमानी ने कहा, “अपोलोमेडिक्स का हमेशा से यह प्रयास रहा है कि लोगों को न सिर्फ बेहतरीन चिकित्सा मिले, बल्कि वे बीमारियों से बचाव के प्रति भी जागरूक रहें। शारीरिक सक्रियता हम सभी के लिए अनिवार्य है। ‘वन टाटा वॉकाथन’ के जरिए हमारा मुख्य उद्देश्य समाज में फिटनेस और सेहत को बढ़ावा देना है। स्वास्थ्य जागरूकता की हमारी इस पहल में टाटा मोटर्स और टाटा समूह की अन्य कंपनियों का जुड़ना बेहद सुखद है। जब इतने सारे लोग एक साथ अपनी सेहत के लिए कदम बढ़ाते हैं, तो पूरे समाज में स्वास्थ्य को लेकर एक बहुत ही सकारात्मक संदेश जाता है।”
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal