लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, लखनऊ शाखा के वार्षिक समारोह एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का आयोजन आईएमए भवन में किया गया। समारोह में बतौर मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य तथा विशिष्ट अतिथि लखनऊ उत्तर के विधायक एवं आईएमए लखनऊ के पूर्व अध्यक्ष डॉ. नीरज बोरा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत जनरल बॉडी मीटिंग से हुई। इसके पश्चात सम्मान समारोह में चिकित्सा सेवा, संगठनात्मक सहयोग एवं सामाजिक कार्यों में उल्लेखनीय योगदान के लिए लगभग 90 चिकित्सकों को सम्मानित किया गया।

आईएमए लखनऊ की मानद सचिव डॉ. श्वेता श्रीवास्तव ने वर्षभर की गतिविधियों का विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि इस सत्र में सतत चिकित्सा शिक्षा कार्यक्रमों, विशेषज्ञ व्याख्यानों और कार्यशालाओं के माध्यम से चिकित्सकों के ज्ञान एवं कौशल संवर्धन पर ध्यान दिया गया। ग्रामीण स्वास्थ्य शिविरों, कैंसर एवं अन्य रोगों के प्रति जागरूकता, सीपीआर प्रशिक्षण, रक्तदान और सामुदायिक स्वास्थ्य गतिविधियों के माध्यम से समाज तक स्वास्थ्य सेवाओं एवं जानकारी की पहुँच बढ़ाने का प्रयास किया गया।
उन्होंने बताया कि 22 एवं 23 अगस्त 2026 को लखनऊ में आईएमए उत्तर प्रदेश की तृतीय स्टेट वर्किंग कमेटी बैठक का आयोजन इस सत्र की प्रमुख उपलब्धियों में रहा। इस आयोजन ने प्रदेशभर के चिकित्सकों को संगठनात्मक विषयों पर चर्चा और शैक्षणिक संवाद का अवसर दिया।
चिकित्सकों के स्वास्थ्य एवं आपसी मेलजोल को प्रोत्साहित करने के लिए खेलकूद प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं और आईएमए भवन में जिम्नेजियम की स्थापना की गई। चिकित्सकों की समस्याओं को संबंधित मंचों एवं जनप्रतिनिधियों तक पहुँचाने के प्रयास भी किए गए। डॉ. श्वेता ने इन उपलब्धियों का श्रेय अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार अस्थाना, कार्यकारिणी, वरिष्ठ चिकित्सकों तथा सभी सहयोगी सदस्यों के सामूहिक प्रयासों को दिया।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाज में चिकित्सकों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संवेदनशील और समर्पित चिकित्सा सेवा स्वस्थ समाज का आधार है। उन्होंने जनस्वास्थ्य जागरूकता एवं जरूरतमंदों तक स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचाने में चिकित्सक संगठनों की सहभागिता को महत्वपूर्ण बताया और सम्मानित चिकित्सकों को शुभकामनाएँ दीं।
डॉ. नीरज बोरा ने आईएमए लखनऊ से अपने जुड़ाव का उल्लेख करते हुए संगठन की शैक्षणिक, सामाजिक एवं सदस्य कल्याण की गतिविधियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों की एकजुटता, निरंतर सीखने की भावना और समाज के प्रति संवेदनशीलता संगठन की ताकत हैं। उन्होंने अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार अस्थाना, मानद सचिव डॉ. श्वेता श्रीवास्तव एवं उनकी टीम को बधाई दी।

वार्षिक समारोह में चिकित्सा, कैंसर उपचार, जनरल मेडिकल प्रैक्टिस, शोध और उत्कृष्ट सेवाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले आठ चिकित्सकों को विशेष पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। सम्मानित चिकित्सकों में डॉ. अर्चिका गुप्ता, डॉ. नीरज टंडन, डॉ. राकेश श्रीवास्तव, डॉ. संजय श्रीवास्तव, डॉ. सीमा मेहरोत्रा, डॉ. शिप्रा नाथ, डॉ. सुधा सिंह और डॉ. वंदना सोलंकी शामिल हैं।
समारोह में डॉ. अर्चिका गुप्ता को डॉ. मनोरमा अग्रवाल डायमंड जुबली सिल्वर मेडल प्रदान किया गया। कैंसर के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए डॉ. नीरज टंडन को श्री हुकुम चंद जैन मेमोरियल अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। वहीं, डॉ. राकेश श्रीवास्तव को प्रबोध कुमार मजूमदार मेमोरियल बेस्ट जनरल मेडिकल प्रैक्टिशनर अवॉर्ड और डॉ. संजय श्रीवास्तव को डॉ. एच. एन. शिवपुरी अवॉर्ड प्रदान किया गया।

इसके अलावा, डॉ. सीमा मेहरोत्रा को डॉ. (श्रीमती) पी. के. मिश्रा एवं डॉ. एन. सी. मिश्रा आउटस्टैंडिंग मेरिटोरियस सर्विस अवॉर्ड, डॉ. शिप्रा नाथ को नीरा नर्सिंग होम बेस्ट आईएमए मेंबर ऑफ द ईयर अवॉर्ड तथा डॉ. सुधा सिंह को डॉ. एच. सी. रॉय पैथोलॉजिस्ट ऑफ द ईयर अवॉर्ड से नवाजा गया। डॉ. वंदना सोलंकी को शोध के क्षेत्र में योगदान के लिए त्रिवेणी देवी राम सहाय मेमोरियल बेस्ट रिसर्च वर्कर्स ऑफ द ईयर अवॉर्ड प्रदान किया गया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और डांडिया से सजी शाम
सम्मान समारोह के बाद सदस्य चिकित्सकों ने गीत, नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। डांडिया एवं गरबा में भी चिकित्सकों और उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन में लगभग 250 चिकित्सकों एवं उनके परिजनों की सहभागिता रही।
आईएमए लखनऊ के अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार अस्थाना ने कहा कि वार्षिक समारोह चिकित्सक परिवार को एक साथ मिलने और आपसी संबंधों को मजबूत बनाने का अवसर देता है। उन्होंने उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं विधायक डॉ. नीरज बोरा का आभार व्यक्त किया तथा कार्यक्रम में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों और उनके परिवारों को धन्यवाद दिया।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal