Friday , February 13 2026

“स्नेहांकुर-परंपरा से प्रगति तक” में दिखा सनातन परंपरा और देशभक्ति का संगम

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। “तेरी उंगली पकड़ के चला, ममता के आंचल में पला…”, “आरंभ है प्रचंड है…” जैसे गीतों पर धमाकेदार प्रस्तुति से नन्हे बच्चों ने सभी का दिल जीत लिया। मौका था सेक्टर – “क्यू” अलीगंज में स्थित सरस्वती विद्या मन्दिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में शुक्रवार शाम आयोजित वार्षिकोत्सव “स्नेहांकुर-परंपरा से प्रगति तक” का। जिसमें भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और देशभक्ति की झलक दिखी।

विद्यालय प्रांगण में आयोजित वार्षिकोत्सव में भारतीय लोकनृत्यों व सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला प्रस्तुत कर नन्हें मुन्नों ने सभी को रोमांचित व आनन्दित कर दिया। बच्चों की स्वनिर्मित वस्तुओं की कला वीथिका में उनका हुनर और रूचि का अद्भुत संगम दिखायी पड़ा।

कार्यक्रम की थीम स्नेहांकुर नाम प्रस्तावित करने वाली नन्हीं बालिका प्रनवी को मुख्य अतिथि अपरिमेय श्यामदास प्रभु ने सम्मानित किया। प्रधानाचार्य संतोष कुमार सिंह ने आये हुये अतिथियों का स्वागत परिचय एवं सम्मान किया। कार्यक्रम का प्रारम्भ मां सरस्वती वन्दना व विद्या भारती के लक्ष्य से हुआ। बच्चों ने ABC डान्स व “मेरे पापा-मेरे पापा…” पर नृत्य की प्रस्तुति से पारिवारिक मूल्यों को उजागर किया।

मुख्य अतिथि अपरिमेय श्यामदास, विद्याभारती के संरक्षक पद्मश्री ब्रह्मदेव शर्मा ‘भाई जी’, सह क्षेत्र प्रचार प्रमुख मनोजकान्त, क्षेत्रीय संगठन मंत्री हेमचन्द्र व युवा भाजपा नेता नीरज सिंह ने माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया।

राजस्थानी नृत्य, इत्ती सी हँसी पर डांस के साथ ही शम्भा जी महाराज के जीवन पर आधारित नृत्य नाटिका ने इतिहास के पन्नों से परिचय कराया। भारत की गौरवगाथा, NEP – 20, भगवान राम की स्तुति तथा बेटी बचाओ का संदेश देती लघु नाटिका ने भगवान श्रीराम के आदर्श मूल्यों को समाज में स्थापित करने पर बल दिया। वहीं गुजराती नृत्य, दिवंगत कैप्टन मनोज पाण्डेय व ऑपरेशन सिन्दूर पर आधारित लघु नाटिका ने भारत के पराक्रम, शौर्य और साहस की झलक दिखाई। 

युवा नेता नीरज सिंह ने कहा कि प्रकाश की प्राप्ति शिक्षा से होती है और विद्या भारती के विद्यालय संस्कार, संस्कृति और राष्ट्र सेवा की शिक्षा दे रहे हैं। भारत की प्रशंसा करते हुए कहा कि युवा युगवाहक विद्यालय का नाम रोशन करेगें। 

मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह क्षेत्र प्रचार प्रमुख मनोज कांत ने अपने सारगर्भित उद्बोधन में कहाकि देश के सबसे बड़े और गैर सरकारी संस्थान की विशेषता भारतीय परम्पराओं और संस्कारों का पोषण है। 

इस मौके पर विभाग प्रचारक अनिल, प्रबन्धक अभिनव भार्गव, शिखा भार्गव, डाॅ. आरके गर्ग, रामजी सिंह, अवरीश कुमार, सुरेश कुमार, उत्तम कुमार मिश्र, उमाशंकर मिश्र, दिनेश कुमार सिंह, कमलेश कुमार सिंह, राजेन्द्र बाबू, प्रचारक आजाद जी, कोषाध्यक्ष केआर कनोजिया, डाॅ. राघवेन्द्र प्रताप सिंह, विनय मिश्र, सचिन गुप्ता, उमेश चन्द्र मिश्रा सहित गणमान्य नागरिक व बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहें। कार्यक्रम के अन्त में विद्यालय के अध्यक्ष डाॅ. आरके गर्ग ने अपने आशीर्वचन के साथ सभी का आभार ज्ञापन किया।