Friday , February 13 2026

Lucknow Metro : सजी ‘गीतमाला’ की यादों भरी शाम, गूंजी रेडियो की सुनहरी आवाज

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। विश्व रेडियो दिवस के अवसर पर शुक्रवार को लखनऊ मेट्रो द्वारा एक विशेष संगीतमय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन लखनऊ मेट्रो के ‘शो योर टैलेंट’ पहल के तहत हजरतगंज मेट्रो स्टेशन पर किया गया, जहां यात्रियों ने प्रस्तुति का आनंद लिया।

“बहनों और भाइयों, मैं आपका दोस्त अमीन सायानी बोल रहा हूं…”

कलाकार नवीन कोहली ने ‘गीतमाला’ के जरिए न केवल हिंदुस्तान बल्कि दुनिया भर के रेडियो प्रेमियों के दिलों पर राज करने वाले नायाब रेडियो प्रसारक स्वर्गीय अमीन सायानी की शैली में प्रस्तुति दी। उन्होंने लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘गीतमाला’ का उल्लेख करते हुए गीतों का परिचय कराया और उनसे जुड़ी संक्षिप्त और रोचक जानकारी साझा की। इसके बाद सदाबहार गीतों की प्रस्तुति दी गई।

जज्बा लाइव समूह से जुड़े कलाकार डॉ. विश्वास वर्मा ने भी अपनी प्रस्तुति से कार्यक्रम को आगे बढ़ाया। पूरे आयोजन के दौरान यात्रियों की सक्रिय भागीदारी और तालियों ने माहौल को जीवंत बनाए रखा।

गौरतलब है कि वर्ष 2011 में यूनेस्को द्वारा विश्व रेडियो दिवस की घोषणा की गई थी, जिसे 2012 में संयुक्त राष्ट्र महासभा ने मान्यता प्रदान की। 13 फरवरी 1946 को ‘संयुक्त राष्ट्र रेडियोट का पहला प्रसारण हुआ था, उसी की याद में यह दिवस मनाया जाता है।