Wednesday , February 11 2026

AKTU : नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने की पहल, संस्थानों को 2 लाख का फंड

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। डॉ0 एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय प्रदेश में नवाचार और उद्यमिता को ऊंची उड़ान देने के लिए लगातार कदम उठा रहा है। इसके लिए कुलपति प्रो0 जेपी पाण्डेय के निर्देशन में विभिन्न प्रकार की कार्ययोजना तैयार की गयी है। ताकि प्रदेश के हर हिस्से के छात्र नवाचार और उद्यमिता की संस्कृति से खुद को जोड़ सकें। इसी क्रम में विश्वविद्यालय के इनोवेशन हब ने संबद्ध संस्थानों को स्टार्टअप कार्यक्रम आयोजित कराने के लिए एकेटीयू इन्क्युबेटर इम्पावरमेंट स्कीम के तहत दो लाख रूपये फंड देना शुरू किया है। इससे न केवल नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा मिलेगा बल्कि छात्र की सोच में भी बदलाव आयेगा।

एक वित्तीय वर्ष में 20 संस्थानों को मिलेगा फंड

इस योजना के तहत एक वित्तीय वर्ष में विश्वविद्यालय से संबद्ध अधिकतम 20 संस्थानों को र्स्टाअप कार्यक्रम आयोजित कराने के लिए 2 लाख रूपये बतौर फंड के रूप में मिलेगा। वहीं एक संस्थान एक वित्तीय वर्ष में दो बार इस फंड का लाभ ले सकता है। स्टार्टअप कार्यक्रम के तहत संस्थान को इनोवेशन हब से जुड़कर उद्यमिता से संबंधित कार्यक्रम, स्टार्टअप्स पिचथॉन, हैकथॉन, बूटकैंप, स्टार्टअप प्रदर्शनी, स्टार्टअप मेलों सहित नवाचार के लिए चल रही योजनाओं आदि से संबंधित कार्यक्रम आयोजित करने होंगे। जिससे कि छात्रों को इस क्षेत्र में सहूलियत और सुविधा मिल सके। इस योजना का लाभ पाने के लिए संस्थानों को इनोवेशन हब की वेबसाइट पर जाकर आवेदन करना होगा।

इनोवेशन हब बना रहा इकोसिस्टम

विश्वविद्यालय का इनोवेशन हब नवाचार और उद्यमिता की संस्कृति और परंपरा विकसित करने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। इसके लिए समय-समय पर हैकथॉन आयोजित कराये जा रहे हैं। ताकि अच्छे स्टार्टअप को आगे बढ़ने का मंच मिल सके। साथ ही इनोवेशन हब से काफी संख्या में स्टार्टअप्स जुड़े हैं। जिन्हें आगे बढ़ाने में सहायता प्रदान की जा रही है। उन्हें न केवल विशेषज्ञों का मार्गदर्शन मिल रहा है बल्कि कोवर्किंग स्पेस, विभिन्न प्रकार के मंच, आदि की भी सहायता दी जा रही है। इस कार्य में वित्त अधिकारी केशव सिंह डीन इनोवेशन प्रो0 बीएन मिश्रा एवं एसो0 डीन डॉ0 अनुज कुमार शर्मा के नेतृत्व में इनोवेशन हब के सीईओ महीप सिंह सहित पूरी टीम कार्य कर रही है।