Monday , February 9 2026

राजधानी के 9 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

नई दिल्ली (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब अलग-अलग इलाकों में स्थित नौ स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। धमकी मिलने के बाद दिल्ली पुलिस, फायर ब्रिगेड और बम निरोधक दस्ते (बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वॉड) तुरंत मौके पर पहुंच गए और सुरक्षा जांच शुरू की गई।

दिल्ली पुलिस के अनुसार, सुबह 8:30 बजे से 9:00 बजे के बीच इन धमकियों से संबंधित कॉल और ई-मेल प्राप्त हुए। इनमें से तीन स्कूल दक्षिण दिल्ली क्षेत्र में स्थित हैं। सभी प्रभावित स्कूलों को तत्काल खाली कराया गया और छात्रों व स्टाफ की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए परिसरों की गहन तलाशी ली गई।

न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बम निरोधक दस्तों द्वारा स्कूल परिसरों की सघन जांच की जा रही है। अब तक किसी भी स्कूल से संदिग्ध वस्तु मिलने की पुष्टि नहीं हुई है। सुरक्षा के मद्देनज़र स्कूलों के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

दिल्ली पुलिस का कहना है कि धमकी भरे ई-मेल भेजने वालों की पहचान और लोकेशन का पता लगाने के लिए साइबर टीम को सक्रिय कर दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्च स्तर पर निगरानी रखी जा रही है।

अधिकारियों ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन का सहयोग करें। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है और जांच जारी है।