नई दिल्ली : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बजट पर चर्चा के दौरान दिए गए तथ्यों को भारतीय जनता पार्टी ने खारिज करते हुए उन्हें गैर-जिम्मेदाराना बताया। बुधवार को भाजपा मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी पहले ज़हरीले झूठ फैलाते हैं और फिर विदेश चले जाते हैं। संसदीय कार्यवाही के दौरान राहुल गांधी का रवैया सुस्त और गैर-जिम्मेदाराना रहा है।उन्होंने आरोप लगाया कि सदन में कांग्रेस पार्टी का व्यवहार सड़क पर होने वाले प्रदर्शन जैसा रहा, जो संसद की गरिमा के अनुकूल नहीं है।त्रिवेदी ने यह भी कहा कि उन्होंने देखा कि जब कुछ लोग तख्तियां लेकर ट्रेज़री बेंच की ओर बढ़ रहे थे, तो महिलाओं को ढाल की तरह इस्तेमाल किया गया, जिसकी याद उन्हें शाहीन बाग की घटनाओं से जुड़ी प्रतीत हुई। उन्होंने कहा कि संसद में भाषा की एक मर्यादा होती है, लेकिन अगर आपको सड़कछाप भाषा और सड़कछाप आचरण संसद में देखना हो तो, कांग्रेस पार्टी और विपक्षी दलों का आचरण देखा जा सकता है।उन्होंने कहा कि संसद का सत्र लोकतंत्र में उच्चतम मानकों के प्रतीक के रूप में माना जाता था। परंतु आज नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आचरण, भाषा और शैली से राजनीति और संसदीय मर्यादा को निम्नतम स्तरों तक ले जाने का बहुत निंदनीय कार्य हुआ है। उन्होंने एक बार फिर अपनी उसी चिर-परिचित कुंठाग्रस्त शैली में, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति ईर्ष्या से ओत-प्रोत अनर्गल और झूठे आरोप बारंबार लगाए।जनरल नरवणे मामले में सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि जिस पुस्तक को लेकर राहुल गांधी कह रहे थे कि कौन झूठ बोल रहा है? तो पहले उसके प्रकाशक के द्वारा और फिर लेखक के द्वारा दिए गए स्पष्टीकरण से साफ है कि झूठ राहुल गांधी ही बोल रहे हैं।राहुल गांधी का ये आचरण और किसी भी मर्यादा का पालन न करना दर्शाता है कि कांग्रेस पार्टी अब अपनी हार में सुधबुद्ध खो चुकी है और राहुल गांधी होशो-हवाश खो चुके हैं।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal