Tuesday , September 1 2026

राज्यपाल का अभिभाषण आशा और विकास का दस्तावेज : डा. नीरज बोरा

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। लखनऊ उत्तर से भाजपा विधायक डा. नीरज बोरा ने बुधवार को विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर प्रस्तुत धन्यवाद प्रस्ताव का समर्थन करते हुए कहा कि यह अभिभाषण आशा का संचार करने वाला, विश्वास को सुदृढ़ करने वाला तथा उत्तर प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य की स्पष्ट दिशा निर्धारित करने वाला दस्तावेज है।

उन्होंने कहा कि यह न तो भ्रम फैलाता है और न ही खोखले वादों पर आधारित है, बल्कि संकल्प, संवेदना और सुशासन का संतुलित प्रतिरूप प्रस्तुत करता है। सदन में विपक्ष की टोकाटोकी का जवाब देते हुए डा. नीरज बोरा ने कहा कि राजधानी लखनऊ को विश्वस्तरीय शहर बनाने की दिशा में ठोस और परिणामदायी कार्य हुए हैं। दर्जनों फ्लाईओवरों का निर्माण, किसान पथ जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाएं और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में हुए व्यापक विकास कार्य इसका प्रमाण हैं।

उन्होंने कहा कि आवासीय कालोनियों में व्यावसायिक उपयोग की अनुमति देने के सरकार के निर्णय से स्थानीय व्यापार और स्वरोजगार को बढ़ावा मिलेगा, जिसके लिए उन्होंने प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र लखनऊ उत्तर के लिए अब तक जिन विकास कार्यों की उन्होंने मांग की, उन्हें मुख्यमंत्री ने उदारतापूर्वक स्वीकृति प्रदान की है।

डा. नीरज बोरा ने सरकार के समक्ष कुछ महत्वपूर्ण सुझाव भी रखे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के शहरों की अनियोजित कालोनियों को नियोजित करने, राजधानी लखनऊ की भविष्य की पेयजल आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए कुर्सी रोड पर प्रस्तावित चौथे वाटर वर्क्स की स्थापना का मार्ग प्रशस्त करने, किसान पथ पर अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त विश्वस्तरीय मंडी विकसित करने तथा सीतापुर रोड स्थित मंडी को किसान पथ पर स्थानांतरित कर वहां कमर्शियल कॉम्प्लेक्स विकसित करने जैसे विषयों पर सरकार को सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।

इसके अतिरिक्त सुगम यातायात के लिए निराला नगर-अलीगंज एवं खदरी-जानकीपुरम के बीच अंडरपास निर्माण, जानकीपुरम की जलनिकासी योजना तथा फैजुल्लागंज क्षेत्र की सीवर और पेयजल कार्ययोजना को शीघ्र मूर्त रूप देने की आवश्यकता भी उन्होंने रेखांकित की। साथ ही सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों को और अधिक संरक्षण प्रदान करने तथा सिंगल विंडो और उद्योग बंधु की कार्यप्रणाली में प्रभावी सुधार की आवश्यकता पर भी बल दिया।

उन्होंने सदन से आग्रह किया कि राज्यपाल के अभिभाषण का समर्थन किया जाए ताकि सभी मिलकर एक सुरक्षित, सशक्त और समृद्ध उत्तर प्रदेश के निर्माण में सहभागी बन सकें।