नई दिल्ली : लोकसभा में बजट 2026-27 पर चर्चा के दौरान भाजपा सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने जहां एक ओर सरकार की उपलब्धियों का विस्तृत ब्यौरा दिया, वहीं विपक्ष और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखे हमले भी किए। उन्होंने कहा कि यह बजट “विकास एक्सप्रेस” को “विकसित भारत” की ओर ले जाने वाला दस्तावेज है और यह केवल वित्तीय विवरण नहीं बल्कि समावेशी विकास, वित्तीय अनुशासन और राष्ट्रीय पुनरुत्थान का रोडमैप है।चर्चा के दौरान जैसे ही अनुराग ठाकुर जवाब देने के लिए खड़े हुए कांग्रेस सदस्यों ने वॉकआउट किया। इस पर टिप्पणी करते हुए ठाकुर ने कहा, “जब हम बोलते हैं तो राहुल गांधी सामना नहीं कर पाते। पहले हमारे भाषण के बीच में जाते थे, अब तो पहले ही चले गए।”उन्होंने राहुल गांधी द्वारा अपने भाषण में ‘ग्रिप’ (पकड़) के संदर्भ पर तंज कसते हुए कहा, “वो ग्रिप की बात कर रहे थे लेकिन अपनी कमजोरी दिखाकर चले गए।”अनुराग ठाकुर ने कहा कि यह बजट केवल वित्तीय दस्तावेज नहीं, बल्कि राष्ट्रीय मिशन है। उन्होंने कहा कि यह विकास एक्सप्रेस को विकसित भारत की दिशा में आगे बढ़ाने वाला खाका है। उन्होंने कहा कि साल 2014 से पहले देश नीतिगत पक्षाघात की स्थिति में था, जबकि अब नीतिगत प्रदर्शन का दौर है।ठाकुर ने दावा किया कि मोदी सरकार के 12 वर्षों में 66 लाख करोड़ रुपये से अधिक सार्वजनिक पूंजीगत व्यय किया गया, जबकि यूपीए के 10 वर्षों में यह 14 लाख करोड़ रुपये था। उन्होंने कहा कि चालू वर्ष में ही 12.20 लाख करोड़ रुपये का पूंजीगत व्यय किया गया है। उन्होंने कहा कि 25 करोड़ गरीबों को गरीबी रेखा से बाहर निकालना संभव हुआ है।महिलाओं पर केंद्रित प्रावधानों का उल्लेख करते हुए ठाकुर ने कहा कि जेंडर बजट में पांच लाख करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि “भारतीय महिलाएं जन्मजात अर्थशास्त्री होती हैं, उनमें दूरदृष्टि और स्वाभाविक लेखा-जोखा क्षमता होती है।”उन्होंने ‘लखपति दीदी’ योजना का जिक्र करते हुए कहा कि दो करोड़ महिलाओं को इसका लाभ मिल चुका है और लक्ष्य तीन करोड़ का है।सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र का उल्लेख करते हुए ठाकुर ने कहा कि यह क्षेत्र सकल घरेलू उत्पाद में 30 प्रतिशत और निर्यात में 40 प्रतिशत योगदान देता है। उन्होंने 10 हजार करोड़ रुपये के एमएसएमई विकास कोष और 2 हजार करोड़ रुपये के आत्मनिर्भर भारत कोष का उल्लेख किया।कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा, “भारतीय बाजार को चीन के लिए खुला छोड़ने का काम कांग्रेस ने किया।” उन्होंने दावा किया कि यूपीए शासनकाल में व्यापार घाटा 45 अरब डॉलर तक पहुंच गया था।ठाकुर ने कहा कि मोदी सरकार ने 10 लाख करोड़ रुपये की खराब ऋण वसूली की है और सकल अनुत्पादक परिसंपत्तियां 12.3 प्रतिशत से घटकर 2.31 प्रतिशत रह गई हैं। उन्होंने कहा कि अब बैंक दो लाख करोड़ रुपये से अधिक का मुनाफा कमा रहे हैं।स्वास्थ्य बजट को 37 हजार करोड़ रुपये से बढ़ाकर 1,04,599 करोड़ रुपये करने का दावा करते हुए ठाकुर ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना से 12 करोड़ परिवारों को लाभ मिला है और 1.52 लाख करोड़ रुपये का जेब से होने वाला खर्च बचा है। उन्होंने कहा, “आयुष्मान भारत का विरोध करने वाले अरविंद केजरीवाल की विदाई जनता ने कर दी और ममता बनर्जी की भी तय है।”रक्षा बजट 1.45 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 7.5 लाख करोड़ रुपये से अधिक होने का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि भारत रक्षा निर्माण और निर्यात में आत्मनिर्भर बन रहा है।कृषि बजट 27 हजार करोड़ रुपये से बढ़कर 1.62 लाख करोड़ रुपये होने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि न्यूनतम समर्थन मूल्य पर 20 लाख करोड़ रुपये की खरीद की गई है।कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र में 25 करोड़ लोगों को मॉड्यूल आधारित प्रशिक्षण देने की योजना का भी उन्होंने उल्लेख किया।भाषण के अंत में ठाकुर ने हल्के-फुल्के अंदाज में राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा, “राहुल गांधी आखिरी बार कब मुस्कुराए? 31 जुलाई 2025 को शाम 4 बजकर 20 मिनट पर… मैं उन्हें 420 नहीं कह रहा हूं।” इस टिप्पणी पर सदन में शोर-शराबा भी हुआ।अंत में ठाकुर ने कहा कि यह बजट आत्मनिर्भर भारत, अवसंरचना क्रांति, उच्च-प्रौद्योगिकी विनिर्माण, सेवा क्षेत्र नेतृत्व, स्वास्थ्य सुधार, महिला और युवा सशक्तिकरण तथा समावेशी विकास का विजन प्रस्तुत करता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को बजट के लिए बधाई देते हुए कहा कि भारत अगले 25 वर्षों तक दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बना रहेगा।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal