लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। Bank of Baroda ने 31 मार्च 2026 को समाप्त चौथी तिमाही और पूरे वित्त वर्ष 2025-26 के वित्तीय परिणामों की घोषणा करते हुए मजबूत व्यवसायिक प्रदर्शन दर्ज किया है। बैंक ने सुदृढ़ आस्ति गुणवत्ता, बेहतर लाभप्रदता और निरंतर व्यवसाय वृद्धि के दम पर कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं।
बैंक के निदेशक मंडल ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए प्रति इक्विटी शेयर 8.5 रुपये के लाभांश की अनुशंसा की है। यह लाभांश प्रति शेयर 2 रुपये के अंकित मूल्य पर 425 प्रतिशत के बराबर है, जो आवश्यक स्वीकृतियों के अधीन रहेगा।
बैंक ने 31 मार्च 2026 तक वैश्विक कारोबार में 30 लाख करोड़ रुपये का ऐतिहासिक आंकड़ा पार कर लिया है। इसके साथ ही बैंक का तिमाही निवल लाभ 11.2 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि के साथ अब तक के सर्वाधिक स्तर 5,616 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। वहीं पूरे वित्त वर्ष में बैंक का निवल लाभ 20,021 करोड़ रुपये रहा, जिसने पहली बार 20 हजार करोड़ रुपये का मील का पत्थर पार किया।
वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में बैंक का परिचालनगत लाभ 11.5 प्रतिशत बढ़कर 9,069 करोड़ रुपये रहा, जबकि पूरे वित्त वर्ष में यह 32,259 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। इसी अवधि में बैंक की निवल ब्याज आय 8.7 प्रतिशत बढ़कर 12,494 करोड़ रुपये हो गई। पूरे वित्त वर्ष के लिए निवल ब्याज आय 47,682 करोड़ रुपये रही।
बैंक के परिचालनगत व्यय में तिमाही आधार पर 8.7 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई और यह 7,391 करोड़ रुपये रहा। वहीं पूरे वित्त वर्ष में यह 31,180 करोड़ रुपये रहा। बैंक की लाभप्रदता में भी सुधार देखने को मिला। चौथी तिमाही में आस्ति पर प्रतिफल (आरओए) 1.15 प्रतिशत तथा इक्विटी पर प्रतिफल (आरओई) 17.27 प्रतिशत रहा। पूरे वित्त वर्ष में आरओए 1.06 प्रतिशत और आरओई 15.39 प्रतिशत दर्ज किया गया।
बैंक की आस्ति गुणवत्ता लगातार मजबूत बनी हुई है। चौथी तिमाही में सकल एनपीए घटकर 1.89 प्रतिशत और निवल एनपीए 0.45 प्रतिशत पर आ गया। बैंक का प्रावधान कवरेज अनुपात टीडबल्यूओ सहित 93.94 प्रतिशत और टीडबल्यूओ के बिना 76.66 प्रतिशत रहा, जो बैलेंस शीट की मजबूती को दर्शाता है।
बैंक के वैश्विक अग्रिमों में वर्ष-दर-वर्ष 16.2 प्रतिशत तथा घरेलू अग्रिमों में 14.5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। ऑर्गेनिक रिटेल अग्रिमों में 17.9 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई, जिसमें ऑटो ऋण, मॉर्गेज ऋण, गृह ऋण और शिक्षा ऋण क्षेत्रों में मजबूत वृद्धि का योगदान रहा।
रिटेल, कृषि और एमएसएमई ऋणों की हिस्सेदारी बढ़कर 61 प्रतिशत हो गई है। बैंक का आरएएम पोर्टफोलियो भी 16.7 प्रतिशत की वृद्धि के साथ मजबूत स्थिति में पहुंच गया है। बैंक प्रबंधन के अनुसार, बेहतर आस्ति गुणवत्ता, नियंत्रित लागत और मजबूत ऋण वृद्धि के चलते आने वाले समय में भी बैंक की विकास गति बरकरार रहने की उम्मीद है।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal