Friday , November 27 2026

भारत हस्तशिल्प महोत्सव के मंच पर प्रभुनाथ राय का भव्य अभिनंदन

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। वृंदावन सेक्टर-15 स्थित डिफेंस एक्सपो ग्राउंड में आयोजित भारत हस्तशिल्प महोत्सव-2026 का सांस्कृतिक मंच शुक्रवार को विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। भोजपुरी अकादमी उत्तर प्रदेश का उपाध्यक्ष बनाए जाने और राज्य मंत्री का दर्जा मिलने के बाद प्रभु नाथ राय को महोत्सव के मंच पर सम्मानित किया गया। महोत्सव के अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह, उपाध्यक्ष एनबी सिंह ने उन्हें तुलसी का पौधा भेंटकर और रामनामी दुपट्टा पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर प्रभु नाथ राय ने विभिन्न कलाकारों को भी सम्मानित किया।

कार्यक्रम के दौरान मंच संचालन कर रहे रामविलास यादव ने कहा कि जीवन में संघर्ष से बढ़कर कुछ नहीं है। यदि व्यक्ति बिना फल की चिंता किए निरंतर प्रयास करता रहे तो सफलता निश्चित रूप से उसके कदम चूमती है। सफलता मिलने में देर हो सकती है, लेकिन सच्ची लगन और मेहनत कभी व्यर्थ नहीं जाती। उन्होंने प्रभु नाथ राय के संघर्ष और उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के छठ पूजा में शामिल होने के अवसर के बाद छठी मैया की कृपा से उन्हें नई जिम्मेदारी और सम्मान प्राप्त हुआ है। प्रभु नाथ राय ने भोजपुरी भाषा और संस्कृति को उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश-विदेश में भी पहचान और सम्मान दिलाने का काम किया है।

महोत्सव के अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने कहा कि प्रभु नाथ राय जितने कर्मठ हैं, उतने ही सरल हृदय के व्यक्ति भी हैं। उन्होंने कभी किसी पद या सम्मान की लालसा नहीं की, बल्कि अपने कर्म और समर्पण के बल पर आगे बढ़ते रहे। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव परिवार के लिए गौरव की बात है कि राज्य मंत्री का दर्जा मिलने के बाद प्रभु नाथ राय को सबसे पहले सम्मानित करने का अवसर मिला।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत गणेश वंदना से हुई। इसके बाद कलाकारों ने विविध नृत्य और गायन प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों का मनोरंजन किया। मंच पर लोक संस्कृति और कला के रंग देखने को मिले।

इस अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा की जिला महामंत्री अनीता सिंह राजपूत, समाजसेविका सुरैया सिद्दीकी, पार्षद हिमांशु अंबेडकर, पार्षद धर्मेंद्र सिंह, दीपक कुमार श्रीवास्तव, डॉ. पूनम, पर्यावरण संरक्षण के लिए समर्पित कृष्णानंद राय और भोजपुरी गायिका प्रिया पाल सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन रॉकी गिल और अथर्व तिवारी ने किया।