Friday , November 27 2026

हादसे के बाद पहला घंटा बेहद अहम, समय पर इलाज से बच सकती है जिंदगी

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। सर्दियों का मौसम गुनगुनी धूप के साथ हादसों का खतरा भी लेकर आता है। घने कोहरे, सड़कों पर नमी और कम दृश्यता के कारण सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। इसके अलावा घरों में फिसलकर गिरने जैसी घटनाएं भी गंभीर चोटों का कारण बन सकती हैं। ऐसे मामलों में समय पर जांच और उचित उपचार मरीज की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सर्दियों में होने वाले हादसों से बचाव और समय पर उपचार के महत्व को लेकर मेदांता अस्पताल, लखनऊ के विशेषज्ञों ने महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।

इस अवसर पर डॉ. कमलेश सिंह भैसोरा (डायरेक्टर, न्यूरोसर्जरी), डॉ. लोकेन्द्र गुप्ता (डायरेक्टर, इमरजेंसी एंड ट्रॉमा सेंटर), डॉ. सौरव शुक्ला (डायरेक्टर, ऑर्थोपेडिक्स), डॉ. सैफ एन शाह (डायरेक्टर, ऑर्थोपेडिक्स) और डॉ. धर्मेंद्र सिंह (डायरेक्टर, ऑर्थोपेडिक्स) मौजूद रहे।

विशेषज्ञों ने बताया कि घने कोहरे में दृश्यता कम होने के कारण हाईवे और एक्सप्रेसवे पर वाहनों की टक्कर का खतरा बढ़ जाता है। वहीं, सुबह के समय सड़कों पर ओस और नमी के कारण दोपहिया वाहनों के फिसलने की आशंका रहती है। तेज रफ्तार और हेलमेट का उपयोग न करने से सिर एवं चेहरे पर गंभीर चोट लगने का जोखिम बढ़ जाता है।

मेदांता लखनऊ के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. राकेश कपूर ने बताया कि गंभीर चोट के मामलों में शुरुआती जांच और चोट की सही पहचान बेहद जरूरी है। कई बार मरीज बाहरी तौर पर सामान्य दिखाई देता है, जबकि उसके पेट, छाती या मस्तिष्क में अंदरूनी रक्तस्राव या रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट हो सकती है। ऐसी परिस्थितियों में मरीज की स्थिति अचानक बिगड़ सकती है।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की रिपोर्ट ‘भारत में सड़क दुर्घटनाएं 2024’ के अनुसार, वर्ष 2024 में देशभर में कोहरे और धुंध के दौरान 33,955 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गईं। इनमें 15,115 लोगों की मौत हुई और 29,827 लोग घायल हुए। वहीं, उत्तर प्रदेश में वर्ष 2024 के दौरान सभी मौसमों में हुई 46,052 सड़क दुर्घटनाओं में 24,118 लोगों की जान गई।

विशेषज्ञों के अनुसार, किसी गंभीर हादसे के बाद का पहला घंटा, जिसे ‘गोल्डन आवर’ कहा जाता है, मरीज की जान बचाने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण होता है। ऐसे मामलों में बिना देरी किए मरीज को उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना जरूरी है।

सिर में चोट लगने के बाद बार-बार उल्टी होना, तेज सिरदर्द, अत्यधिक उनींदापन, बेहोशी, दोनों आंखों की पुतलियों के आकार में असमानता और हाथ-पैर में कमजोरी जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ये मस्तिष्क में गंभीर चोट के संकेत हो सकते हैं। ऐसी स्थिति में तत्काल चिकित्सा सहायता लेनी चाहिए। 

हादसों से बचाव के लिए वाहन की गति नियंत्रित रखें, हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करें तथा घने कोहरे में वाहनों के बीच सुरक्षित दूरी बनाए रखें। घरों में फर्श को सूखा रखें, बुजुर्गों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। 

मेदांता लखनऊ के इमरजेंसी एवं ट्रॉमा सेंटर में मरीज के पहुंचने पर सबसे पहले उसके श्वसन मार्ग, सांस लेने की स्थिति और रक्त परिसंचरण का आकलन किया जाता है। इसके बाद आवश्यकता के अनुसार फास्ट अल्ट्रासाउंड और सीटी स्कैन जैसी जांचों की मदद से अंदरूनी चोटों की पहचान की जाती है। गंभीर मामलों में ट्रॉमा रिस्पॉन्स टीम और संबंधित विभागों के विशेषज्ञ मिलकर उपचार शुरू करते हैं।

मेदांता लखनऊ की इमरजेंसी एवं ट्रॉमा केयर सुविधाएं, आधुनिक क्रिटिकल केयर इंफ्रास्ट्रक्चर और अनुभवी विशेषज्ञों की टीम गंभीर रूप से घायल मरीजों को समय पर जांच एवं उपचार उपलब्ध कराने के लिए तैयार हैं। विशेषज्ञों ने लोगों से सर्दियों में विशेष सावधानी बरतने और किसी भी गंभीर हादसे के बाद उपचार में देरी न करने की अपील की।