Friday , November 27 2026

हिंदुत्व और राष्ट्रभक्ति के एजेंडे पर चुनावी मैदान में उतरेगी हिंदू महासभा : शेखर कुमार

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। अखिल भारत हिंदू महासभा ने वर्ष 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ाने के संकेत दिए हैं। संगठन के प्रदेश प्रवक्ता शेखर कुमार ने जारी अपने पहले वक्तव्य में कहा कि महासभा प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में सक्षम और सम्मानित हिंदू प्रत्याशियों का चयन कर उन्हें चुनाव मैदान में उतारने की तैयारी कर रही है। संगठन का उद्देश्य ऐसे प्रत्याशियों को सदन तक पहुंचाना है, जो राष्ट्रभक्ति, हिंदुत्व और सामाजिक हितों को प्राथमिकता देते हों।

शेखर कुमार ने कहा कि राजनीतिक परिदृश्य में हिंदुत्व को एकजुट और स्पष्ट रूप से परिभाषित करने के साथ राष्ट्रप्रेम एवं राष्ट्रभक्ति को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की आवश्यकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय और क्षेत्रीय राजनीतिक दलों में आंतरिक कलह तथा जातिगत समीकरणों के चलते कई मजबूत दावेदारों को टिकट से वंचित कर अपमानित किया जाता है। ऐसे में महासभा उन सक्षम और सम्मानित हिंदू प्रत्याशियों को राजनीतिक विकल्प देने का प्रयास करेगी, जो अपने-अपने क्षेत्रों में राजनीतिक एवं सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय हैं।

उन्होंने बताया कि अखिल भारत हिंदू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी चक्रपाणि महाराज के नेतृत्व में चयन प्रक्रिया संचालित की जाएगी। इसके तहत प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में योग्य प्रत्याशियों का चयन कर उन्हें चुनाव लड़ाने और सदन तक पहुंचाने में संगठन अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि महासभा आगामी नगर निगम और निकाय चुनावों के साथ विधानसभा चुनाव में भी अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करेगी। संगठन नई सकारात्मक ऊर्जा के साथ राजनीतिक क्षेत्र में अपनी अलग पहचान स्थापित करने की दिशा में काम करेगा।