Thursday , November 26 2026

गांव-गांव तक बैंकिंग सुविधाएं पहुंचाने में जुटा SBI : दीपेश राज

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। भारतीय स्टेट बैंक की बख्शी का तालाब शाखा द्वारा महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज, अस्ती में वित्तीय समावेशन संतृप्ति कार्यक्रम के अंतर्गत एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के प्रत्येक पात्र नागरिक तक बैंकिंग सुविधाओं एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ पहुँचाना तथा वित्तीय समावेशन को और अधिक प्रभावी बनाना था।

शिविर में भारतीय स्टेट बैंक के मुख्य महाप्रबंधक दीपेश राज ने कहा कि वित्तीय क्रांति से दूरदराज के गांवों के ग्रामीण शत-प्रतिशत लाभान्वित हो रहे हैं। भारतीय स्टेट बैंक ने ग्रामीण एवं वंचित वर्गों तक बैंकिंग सुविधाओं की पहुँच सुनिश्चित करने तथा वित्तीय समावेशन के राष्ट्रीय अभियान को गति देने के लिए कटिबद्ध है।

बीकेटी विधायक योगेश शुक्ला ने कहा कि हमारी विधानसभा क्षेत्र का चाहे ग्रामीण हों या फिर नगरीय लोग हों, हर जगह के ग्राहक एसबीआई पर सर्वाधिक भरोसा करते हैं। इसी कड़ी में महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज के प्रबंधक अनिल कुमार सिंह एवं वरिष्ठ समाजसेवी नागेन्द्र बहादुर सिंह चौहान ने भी ग्राहकों को संबोधित किया। 

स्टेट बैंक के महाप्रबंधक विमल कुमार ने कहा कि वित्तीय समावेशन का उद्देश्य केवल बैंक खाते खोलना नहीं, बल्कि प्रत्येक पात्र नागरिक को औपचारिक बैंकिंग व्यवस्था, सामाजिक सुरक्षा एवं वित्तीय सशक्तिकरण से जोड़ना है। 

उप महाप्रबंधक सौरभ कुमार एवं सहायक महाप्रबंधक कुमार परिमल ने ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं, वित्तीय साक्षरता तथा केंद्र सरकार की विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY), प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY) एवं अटल पेंशन योजना (APY) के संबंध में जानकारी दी।

स्टेट बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों ने बीकेटी ब्रांच के मैनेजर विजय सिंह के कार्यों की मुक्त कंठ से सराहना की। शिविर को सफल बनाने में बीकेटी शाखा प्रबन्धक विजय सिंह एवं उनकी टीम, बीसी/सीएसपी प्रतिनिधियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं लाभार्थियों ने हिस्सा लिया। शिविर के दौरान कॉलेज परिसर में पौधारोपण किया गया। इस मौके पर मौसमी भोज का भी आयोजन किया गया।