Friday , November 27 2026

इंजीनियरिंग कॉलेज ओवरब्रिज के निर्माण में आएगी तेजी, जनप्रतिनिधियों ने परखी प्रगति

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। लखनऊ उत्तर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज के कार्य में तेजी लाने और परियोजना को समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा, लखनऊ उत्तर के विधायक डॉ. नीरज बोरा और रक्षामंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह के विशेष कार्याधिकारी केपी सिंह ने संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण किया। 

इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों के साथ परियोजना को लेकर चर्चा की। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य में तेजी लाने और विभागीय समन्वय के साथ ओवरब्रिज का काम निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने पर जोर दिया गया। अधिकारियों से परियोजना की वर्तमान स्थिति और निर्माण की प्रगति की जानकारी भी ली गई।

उल्लेखनीय है कि इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहा शहर के व्यस्त मार्गों में शामिल है। यहां प्रतिदिन लगने वाले जाम से क्षेत्रवासियों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ओवरब्रिज का निर्माण पूरा होने से चौराहे पर यातायात का दबाव कम होने और आवागमन सुगम होने की उम्मीद है। इससे प्रतिदिन इस मार्ग से गुजरने वाले हजारों लोगों और वाहन चालकों को राहत मिलेगी।

निरीक्षण के दौरान रक्षामंत्री के प्रतिनिधि दिवाकर त्रिपाठी, जनसंपर्क अधिकारी राघवेंद्र शुक्ला, पीडब्ल्यूडी (एनएच) के प्रोजेक्ट मैनेजर विकास श्रीवास्तव, पार्षद राघव राम तिवारी, पार्षद मान सिंह यादव, पार्षद प्रतिनिधि सौरभ तिवारी और सतीश वर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।