Monday , April 20 2026

राजकीय हाई स्कूल बढ़ेपुरा : डोर-टू-डोर जागरूकता से बच्चों के नामांकन पर जोर

बरेली (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। “पढ़ेंगे बच्चे तभी बढ़ेंगे बच्चे” के संदेश के साथ जनपद के नवाबगंज क्षेत्र स्थित राजकीय हाई स्कूल बढ़ेपुरा में स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अभियान का नेतृत्व विद्यालय की प्रधानाचार्य अर्चना राजपूत ने किया, जिसमें विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

अभियान के तहत विद्यार्थियों ने गांव में डोर-टू-डोर संपर्क कर अभिभावकों को बच्चों की शिक्षा के महत्व के बारे में जागरूक किया। इस दौरान ऐसे कई बच्चे मिले, जिन्होंने कक्षा 8 उत्तीर्ण करने के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी और अपने परिवार के साथ खेती या अन्य कार्यों में लगे हुए थे। प्रधानाचार्य व छात्रों ने इन बच्चों एवं उनके अभिभावकों को पुनः विद्यालय से जुड़ने के लिए प्रेरित किया और बेहतर भविष्य के लिए शिक्षा को आवश्यक बताया।

रैली के दौरान यह भी देखा गया कि कुछ बच्चे समूह बनाकर खेलते हुए तथा कुछ दुकान पर कार्य करते मिले। उन्हें समझाया गया कि शिक्षा के साथ खेल और अन्य कौशलों में भी करियर बनाया जा सकता है। वहीं, सिलाई कार्य में लगे बच्चों को फैशन डिजाइनिंग जैसे क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए पढ़ाई जारी रखने की सलाह दी गई।

विद्यालय के पूर्व छात्रों से भी संपर्क कर नामांकन अभियान में सहयोग मांगा गया। अधिकांश अभिभावकों ने बच्चों के विद्यालय न जाने की समस्या बताई, जिस पर उन्हें बच्चों को प्रेरित करने के उपाय बताए गए। एक स्थान पर एकत्रित अभिभावकों को प्रधानाचार्य ने सरल भाषा में शिक्षा के महत्व को समझाया, जिससे प्रभावित होकर उन्होंने बच्चों का नामांकन कराने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर छात्रों ने ‘स्कूल चलो अभियान’ के बैनर के साथ रैली निकाली और लाउडस्पीकर के माध्यम से भी जागरूकता संदेश प्रसारित किए। रैली के दौरान छात्र उन घरों तक भी पहुंचे, जहां कक्षा 8 पास कर चुके बच्चों ने पढ़ाई छोड़ दी थी।

विद्यालय में वर्तमान में 88 छात्र-छात्राएं नामांकित हैं, जबकि लक्ष्य 100 से अधिक नामांकन का रखा गया है। अभियान के माध्यम से घर-घर जाकर शिक्षा की अलख जगाने का प्रयास किया जा रहा है। इस अभियान में विद्यालय के छात्र दीपांशु, पिंकू, अनीस, अनस, शहनिब, नवाजिश, अंशु, नाजिम और शकील सहित अन्य विद्यार्थियों का विशेष सहयोग रहा।