Sunday , June 14 2026

शिविर में 22 ने किया महादान, किया भ्रांतियां दूर करने का आह्वान

बलरामपुर (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी की जिला इकाई बलरामपुर के तत्वावधान में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन स्थानीय अटल बिहारी वाजपेयी स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय (संयुक्त चिकित्सालय) के रक्त केन्द्र में किया गया। शिविर में रक्तदानियों ने बढ़ चढ़ कर प्रतिभाग किया। 

सामाजिक संस्था रेड क्रॉस द्वारा रक्तदान – महादान अभियान के अंतर्गत इस रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जिससे जरूरतमंदों और गंभीर रोग से पीड़ित मरीजों को समय पर आसानी से रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।

शिविर का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राज कुमार वर्मा एवं ब्लडमैन आलोक अग्रवाल द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। शिविर में रेड क्रॉस सोसायटी बलरामपुर के आजीवन सदस्य जनपद के चर्चित ब्लडमैन आलोक अग्रवाल ने 60 वर्ष की आयु पूर्ण करने के पश्चात अपना पहला और कुल मिलाकर 40वॉं रक्तदान किया। 

अन्य रक्तदानियों में वैभव त्रिपाठी ने 45वॉं, हिमांशु मणि दीक्षित ने 59वॉं, रवि गुप्ता ने 16वॉं, आशीष अग्रवाल ने 21वॉं रक्तदान किया। सभी रक्तदानियों को विशेष प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। कुल 4 रक्तदाताओं को विभिन्न स्वास्थ्य कारणों से रक्तदान करने से वंचित रहना पड़ा।

ब्लडमैन आलोक अग्रवाल ने बताया कि रेड क्रॉस द्वारा समय समय पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाता रहता है। इसी क्रम में इस वर्ष के तृतीय रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया है। रेड क्रॉस के आजीवन सदस्य संदीप उपाध्याय ने कहा कि रक्तदान के संबध में अभी भी बहुत सारी भ्रांतियां व्याप्त हैं, इन्हें दूर करने के लिए समाज के प्रबुद्ध वर्ग को आगे आने की जरूरत है।

वैभव त्रिपाठी ने अपना 45वाँ रक्तदान करने के बाद कहा कि इससे किसी भी प्रकार की कमजोरी नहीं होती है, बल्कि हम ज्यादा स्वस्थ रहते हैं। अविनाश पांडेय ने बताया कि जरूरत पड़ने पर हम सभी रक्त की उपलब्धता को सुनिश्चित करने और दिलवाने का सम्मिलित प्रयास करते हैं।

ब्लड बैंक की टीम से डॉ. आकांक्षा शुक्ला, एल.टी. सी.पी. श्रीवास्तव, अशोक पांडेय, सोनम तिवारी, अंजली सिंह, अभिषेक सिंह, अजीत श्रीवास्तव, सुन्दर, काउंसलर हिमांशु तिवारी का सराहनीय सहयोग प्राप्त हुआ।