नई दिल्ली : अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में अब फेस ट्रांसप्लांट भी किया जाएगा। एम्स के प्लास्टिक सर्जरी विभाग में शुरू होने वाली इस पहल के तहत फेस ट्रांसप्लांट निःशुल्क किया जाएगा। यह उन लोगों के लिए उपयोगी सिद्ध होगा जिनका चेहरा किसी हादसे के वजह से पूरी तरह से झुलस गया हो। अगर यह सफलतापूर्वक शुरू होता है तो भारत, फेस ट्रांसप्लांट सर्जरी करने वाले चुनिंदा देशों में शामिल हो जाएगा।गंभीर चेहरे की विकृति से जूझ रहे मरीजों को इससे नई उम्मीद मिलेगी औरभारतीय चिकित्सा क्षेत्र में एक नई उपलब्धि जुड़ जाएगी।एम्स में शुक्रवार को आयोजित प्रेसवार्ता मेंप्लास्टिक सर्जरी और बर्न यूनिट के प्रमुख डॉ. मनीष सिंघल ने बताया कि फेस ट्रांसप्लांट से अब उन लोगों को उम्मीद की रौशनी मिलेगी जिनका चेहरा पूरी तरह से जल गया हो। उनके चेहरे को डोनर की मदद से सही किया जा सकेगा। हालांकि उन्होंने कहा कि अभी इसके बारे में लोगों में ज्यादा जागरुकता नहीं है।डॉ. मनीष सिंघल ने कहा कि देश में कई मरीज एसिड अटैक, गोली लगने या गंभीर हादसों के बाद 10-12 सर्जरी के बावजूद सामान्य जीवन नहीं जी पाते।उन्होंने स्पष्ट किया कि फेस ट्रांसप्लांट अब प्रयोगात्मक प्रक्रिया नहीं बल्कि जरूरत बन चुकी है। हालांकि, इसके लिए सही मरीज का चयन और मानसिक रूप से तैयार होना बेहद जरूरी है।वहीं, नेफ्रोलॉजी विभाग के प्रमुखडॉ दीपांकर भाउमिक ने बताया कि ट्रांसप्लांट के बाद इम्यूनोसप्रेशन बेहद अहम होता है और एम्स में इसकी पूरी सुविधा उपलब्ध है।साइकियाट्री विभाग की डॉ. प्रिथी ने कहा कि मरीजों की काउंसलिंग और पुनर्वास इस प्रक्रिया का अहम हिस्सा होगा।उल्लेखनीय है कि एम्स में इस महत्वाकांक्षी पहल के तहत 11 से 15 फरवरी तक बर्न्स एंड प्लास्टिक सर्जरी ब्लॉक में गहन कैडेवरिक वर्कशॉप और अकादमिक प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया जा रहा है। इस विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का नेतृत्व करने के लिए अमेरिका से फेस ट्रांसप्लांट विशेषज्ञडॉ. इंद्रानिल सिंहा को आमंत्रित किया गया। डॉ. सिंहा बोस्टन स्थित हावर्ड मेडिकल स्कूल से जुड़े हैं और कंपोज़िट टिश्यू एलोट्रांसप्लांटेशन के अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ माने जाते हैं।वर्कशॉप में ईएनटी, मैक्सिलोफेशियल सर्जरी, नेफ्रोलॉजी, इम्यूनोलॉजी, साइकियाट्री और क्रिटिकल केयर विभागों की भी सक्रिय भागीदारी रही।—————
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal