Friday , February 13 2026

अभिनव भारत पार्टी : द्वितीय राष्ट्रीय अधिवेशन में होगी नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की घोषणा

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। क्रांतिकारी वीर विनायक दामोदर सावरकर की पुण्यतिथि के अवसर पर अभिनव भारत पार्टी का द्वितीय राष्ट्रीय अधिवेशन 26 फरवरी को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण अधिवेशन में पार्टी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की घोषणा भी की जाएगी। पार्टी की राष्ट्रीय महामंत्री ममता झा ने अधिवेशन की घोषणा करते हुए बताया कि कार्यक्रम की तैयारियां पूरे उत्साह और व्यापक स्तर पर प्रारंभ कर दी गई हैं। देश के विभिन्न राज्यों से पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा अनेक प्रमुख संत-महात्माओं की गरिमामयी उपस्थिति की संभावना है। 

ममता झा ने कहा कि वीर सावरकर के विचारों “राजनीति का हिन्दूकरण और हिन्दुओं का सैनिकीकरण“ की वैचारिक पृष्ठभूमि पर गठित अभिनव भारत पार्टी स्वयं को चिंतन, आंदोलन और क्रांति की धारा से प्रेरित राजनीतिक संगठन मानती है। उन्होंने बताया कि वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष चेतन शर्मा के नेतृत्व में पार्टी राष्ट्रवाद और सावरकर के विचारों को आधार बनाकर भारतीय राजनीति में सक्रिय भूमिका निभा रही है। अधिवेशन में संगठन विस्तार, राष्ट्रीय मुद्दों पर प्रस्ताव तथा आगामी रणनीतियों पर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाने की संभावना है।