Wednesday , April 16 2025

ऑल इंडिया BOB ऑफ़िसर्स एसोसिएशन : महिला दिवस की पूर्व संध्या पर हुआ कार्यक्रम

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को अंचल सचिव संदीप सिंह के नेतृत्व में ऑल इंडिया बैंक ऑफ बड़ौदा ऑफ़िसर्स एसोसिएशन द्वारा एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं के सशक्तिकरण, उनकी उपलब्धियों का सम्मान और बैंकिंग क्षेत्र में उनके योगदान को उजागर करना था।

कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि महापौर सुषमा खरकवाल, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य ऋतु शाही, सह निदेशक, प्रसूति एवं स्त्री रोग अपोलो हॉस्पिटल डॉ. नेहा नेगी, बैंक ऑफ बड़ौदा लखनऊ अंचल के महाप्रबंधक और अंचल प्रमुख समीर रंजन पांडा एवं बैंक ऑफ बड़ौदा लखनऊ अंचल की उप महाप्रबंधक रचना मिश्रा शामिल रहे।

इस विशेष अवसर पर बैंक ऑफ बड़ौदा की लगभग 150 महिला अधिकारी भी उपस्थित थीं। कार्यक्रम का संचालन संयुक्त राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष, अंचल महिला समन्वयक ऑल इंडिया बैंक ऑफ बड़ौदा ऑफ़िसर्स एसोसिएशन लखनऊ अंचल सुप्रिया गुप्ता द्वारा किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और महिला सशक्तिकरण के संदेश के साथ हुआ।

महापौर ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी समाज के हर क्षेत्र में तेजी से बढ़ रही है और बैंकिंग क्षेत्र में उनका योगदान अत्यंत सराहनीय है। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य ऋतु शाही ने महिलाओं के अधिकारों, उनके आर्थिक स्वावलंबन और कार्यस्थल पर लैंगिक समानता को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया।

महाप्रबंधक समीर रंजन पांडा ने कहा कि बैंक ऑफ बड़ौदा अपने महिला अधिकारियों और कर्मचारियों को हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने महिला अधिकारियों की उपलब्धियों को सराहते हुए कहा कि उनकी मेहनत और समर्पण बैंक को नई ऊंचाइयों तक ले जा रहा है।

उप महाप्रबंधक रचना मिश्रा ने महिलाओं के नेतृत्व और वित्तीय स्वतंत्रता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह समय महिलाओं को और अधिक सशक्त बनाने का है, ताकि वे आत्मनिर्भरता के साथ हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना सकें।

इस अवसर पर विभिन्न सत्रों का आयोजन किया गया। जिनमें ‘महिला नेतृत्व और वित्तीय समावेशन’, ‘कार्यस्थल पर लैंगिक समानता’, और ‘महिलाओं के लिए करियर विकास के अवसर’ जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। कार्यक्रम का समापन महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के संदेश के साथ हुआ।