Saturday , November 28 2026

सड़क निर्माण से बदलेगी जानकीपुरम की तस्वीर, विधायक डॉ. नीरज बोरा ने किया भूमिपूजन

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। जानकीपुरम क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बेहतर बनाने के लिए तीन स्थानों पर सीसी सड़क निर्माण कार्य शुरू होने जा रहे हैं। शनिवार को क्षेत्रीय विधायक डॉ. नीरज बोरा ने जानकीपुरम प्रथम एवं द्वितीय वार्ड के तीन अलग-अलग स्थानों पर सड़क निर्माण कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया। इन सभी कार्यों को नगर निगम द्वारा कराया जाएगा।

जानकीपुरम प्रथम वार्ड में शुभी ट्रेडर्स के बगल से सीताविहार कॉलोनी जाने वाले संपर्क मार्ग पर सीसी सड़क का निर्माण कराया जाएगा। वहीं, जानकीपुरम द्वितीय वार्ड में सहाराग्रेस के आगे अशोक पार्क की ओर जाने वाले संपर्क मार्ग से जुड़ी गलियों में सड़क बनाई जाएगी। इसके अलावा जानकीपुरम गार्डन में प्रतीक सिंह के घर की ओर जाने वाली गली में भी सीसी सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया।

इस अवसर पर विधायक डॉ. नीरज बोरा ने कहा कि क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार और नागरिकों को बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। सड़कों के निर्माण से स्थानीय लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी। साथ ही क्षेत्र की सड़क व्यवस्था भी बेहतर होगी। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के माध्यम से क्षेत्रवासियों को सुविधाजनक और बेहतर बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराने के प्रयास लगातार जारी हैं।

भूमिपूजन कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष संजय तिवारी, पार्षद राजकुमारी, पार्षद प्रतिनिधि सौरभ तिवारी, सतीश वर्मा, राजकुमार मौर्य, सीके वर्मा, कृपा शंकर मिश्रा, दिव्यांशी शुक्ला, राकेश सिंह, मनोज गुप्ता, सुशील सिंह, पंकज तिवारी, एसएस ओझा, एचएन पाण्डेय, रामनिवास त्रिपाठी, डीएन सिंह, एके माथुर, सुभाष पाण्डेय एवं राजू गुप्ता सहित स्थानीय लोग उपस्थित रहे।