(भगवान प्रसाद गौड़, उदयपुर)
बचपन कभी मिट्टी में लथपथ होकर खिलखिलाता था, तो कभी पेड़ों की डालियों पर सपने बुनता था। उसकी दुनिया में सवाल थे, जिज्ञासाएं थीं और कल्पनाओं के अनगिनत आकाश थे। आज वही बचपन मोबाइल की चमकती स्क्रीन में सिमटता जा रहा है। उंगलियां स्क्रीन पर तेजी से दौड़ रही हैं, लेकिन दिमाग में विचारों की गति कहीं थमती दिखाई दे रही है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) ने सवालों के जवाब चुटकियों में उपलब्ध करा दिए हैं। सोशल मीडिया ने मनोरंजन की अनंत दुनिया खोल दी है और वीडियो गेम ने आभासी जीत का नया संसार रच दिया है। लेकिन इस सुविधाभोगी दौर में एक गंभीर सवाल हमारे सामने खड़ा है-क्या हम बच्चों को ज्ञानवान बना रहे हैं या उन्हें तैयार जवाबों का अभ्यस्त बनाकर उनकी सोचने-समझने की ताकत गिरवी रख रहे हैं?
मनुष्य की सबसे बड़ी पूंजी उसकी तर्कशक्ति और स्वतंत्र चिंतन है। सवाल करना ही ज्ञान की पहली सीढ़ी है। एक समय था जब बच्चे किसी प्रश्न का उत्तर खोजने के लिए किताबों के पन्ने पलटते, शिक्षकों से संवाद करते और स्वयं प्रयोग करके निष्कर्ष तक पहुंचते थे। इस पूरी प्रक्रिया में उनका विवेक, धैर्य और विश्लेषण क्षमता विकसित होती थी। आज एआई के सामने सवाल रखिए और कुछ ही क्षणों में तैयार जवाब हाजिर। सुविधा बुरी नहीं है, लेकिन जब सुविधा आदत और आदत निर्भरता बन जाए तो चिंता स्वाभाविक है।
यदि बच्चा गणित का सवाल हल करने के बजाय सीधे एआई से उत्तर मांगने लगे, निबंध में अपने विचार रखने के बजाय तैयार सामग्री उतारने लगे और हर जिज्ञासा का समाधान स्क्रीन में खोजने लगे, तो उसकी मौलिकता का विकास कैसे होगा? मशीन उत्तर दे सकती है, लेकिन उत्तर की सत्यता परखने और उससे नए सवाल पैदा करने का विवेक मनुष्य को स्वयं अर्जित करना पड़ता है।
हमारी शिक्षा व्यवस्था भी इस संकट से अछूती नहीं है। बच्चों पर अच्छे अंक लाने, प्रतियोगिताओं में आगे निकलने और बेहतर करियर बनाने का दबाव लगातार बढ़ रहा है। अभिभावकों की अपेक्षाएं और स्कूलों की प्रतिस्पर्धा ने पढ़ाई को कई बार सीखने के बजाय परिणाम हासिल करने की दौड़ बना दिया है। विडंबना यह है कि हम बच्चों से मौलिक सोच की अपेक्षा करते हैं, लेकिन उन्हें सोचने के लिए पर्याप्त समय और स्वतंत्रता नहीं देते।
सुपर 30 के संस्थापक आनंद कुमार का भी मानना है कि मोबाइल और एआई बच्चों की स्वतंत्र सोच को प्रभावित कर रहे हैं। उनका शैक्षणिक अनुभव बताता है कि गणित जैसे विषय में केवल उत्तर जानना पर्याप्त नहीं, बल्कि उसके पीछे का तर्क समझना जरूरी है। यही शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य होना चाहिए। यदि विद्यार्थी तीसरी-चौथी कक्षा से ही हर सवाल का तैयार समाधान पाने लगेगा, तो आगे चलकर कठिन प्रश्नों से जूझने का आत्मविश्वास कैसे विकसित होगा?
मोबाइल और वीडियो गेम बच्चों के समय के साथ उनके व्यवहार को भी प्रभावित कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर लगातार बदलते वीडियो और आभासी लोकप्रियता की होड़ बच्चों को वास्तविक दुनिया से दूर कर सकती है। मैदान में खेलना, हारकर फिर प्रयास करना, मित्रों के साथ मतभेद सुलझाना और परिवार के बीच संवाद करना उनके व्यक्तित्व निर्माण के महत्वपूर्ण अनुभव हैं। ये अनुभव किसी स्क्रीन से डाउनलोड नहीं किए जा सकते।
बच्चों के हाथों में मोबाइल थमाकर हम उन्हें व्यस्त तो रख सकते हैं, लेकिन उनके भीतर संवेदना, धैर्य और सामाजिक समझ विकसित करने की जिम्मेदारी से मुक्त नहीं हो सकते। बचपन को केवल डिजिटल मनोरंजन का उपभोक्ता बना देना उसके स्वाभाविक विकास के साथ अन्याय है।
एआई का विरोध समाधान नहीं है। तकनीक आज की आवश्यकता है और आने वाले समय में इसका महत्व और बढ़ेगा। जरूरत तकनीक से दूरी बनाने की नहीं, बल्कि उसके विवेकपूर्ण उपयोग की है। शिक्षा व्यवस्था को ऐसी बनाना होगा, जिसमें बच्चों का मूल्यांकन केवल याददाश्त और अंकों से नहीं, बल्कि उनकी तार्किक क्षमता, रचनात्मकता, समस्या समाधान और मौलिक विचारों से हो।
शिक्षकों को बच्चों में सवाल पूछने का साहस पैदा करना होगा और अभिभावकों को हर समस्या का तैयार समाधान देने के बजाय उन्हें स्वयं प्रयास करने का अवसर देना होगा। बच्चों को किताबों, खेल के मैदान, प्रकृति, कला और पारिवारिक संवाद से जोड़ना भी उतना ही जरूरी है।
सबसे बड़ा संकट तकनीक का विस्तार नहीं, बल्कि मनुष्य की अपनी बौद्धिक क्षमता का संकुचन है। एआई के पास सूचनाओं का अथाह भंडार हो सकता है, लेकिन संवेदना, विवेक, अनुभव और नैतिक निर्णय की जिम्मेदारी मनुष्य की ही है।
हमें ऐसी पीढ़ी तैयार करनी है जो मोबाइल चलाना जानती हो, लेकिन मोबाइल के इशारे पर न चलती हो; जो एआई से सहायता ले, लेकिन अपनी बुद्धि को उसके हवाले न करे। अन्यथा आने वाले समय में हमारे पास सूचनाओं का महासागर तो होगा, लेकिन विचारों की नदी सूखती चली जाएगी।
याद रखिए, जिस समाज के बच्चे सवाल पूछना छोड़ देते हैं, वहां नए विचारों का जन्म भी धीरे-धीरे थम जाता है। मशीनें जवाबों का संसार समृद्ध कर सकती हैं, लेकिन भविष्य का निर्माण स्वतंत्र चिंतन ही करता है। इसलिए बचपन को मोबाइल की मुट्ठी में कैद करने के बजाय उसके हाथों में किताबें, आंखों में सपने और मस्तिष्क में सवाल सौंपने होंगे। वरना अगली पीढ़ी के पास हर सवाल का जवाब होगा, लेकिन स्वयं सोचने के लिए विचार नहीं होंगे। यही भविष्य का सबसे भयावह अकाल होगा।

Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal