Thursday , November 26 2026

भारत हस्तशिल्प महोत्सव में मना अध्यक्ष विनोद सिंह का जन्मदिन, कलाकारों ने बांधा समां

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। वृन्दावन योजना सेक्टर-15 स्थित डिफेंस एक्सपो ग्राउंड में चल रहे भारत हस्तशिल्प महोत्सव 2026 में गुरुवार को संस्था के अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह का जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर केक काटकर उन्हें शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम में संस्था के उपाध्यक्ष एनबी सिंह, सरताज, अबरार अफजल, अथर्व, रॉकी गिल, सकलेन सहित बड़ी संख्या में स्टॉल संचालक मौजूद रहे।

जन्मदिन के अवसर पर विनोद कुमार सिंह ने सभी का आभार जताते हुए कहा कि भारत हस्तशिल्प महोत्सव 2026 के सफल आयोजन में सभी का सहयोग सराहनीय है। उन्होंने बताया कि इस महोत्सव के समापन के बाद 18 दिसंबर से यूपी महोत्सव का भव्य शुभारंभ होगा। उन्होंने आगामी आयोजन में भी सभी के सहयोग और सहभागिता की अपेक्षा जताई।

वहीं, महोत्सव के सांस्कृतिक मंच पर आरोही एंटरटेनमेंट की ओर से रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। संजय कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में कलाकारों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया। संजय श्रीवास्तव ने जहां एकल गायन से समां बांधा, वहीं कमल के साथ युगल गीतों की प्रस्तुति देकर खूब तालियां बटोरीं। अर्चना ने भी अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों की सराहना हासिल की।

सांस्कृतिक कार्यक्रम का संचालन रॉकी गिल ने अपने खास अंदाज में किया। गीत-संगीत और मनोरंजन से सजे कार्यक्रम में दर्शकों ने कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।