लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। लोक संस्कृति शोध संस्थान की 92वीं लोक चौपाल में गुरुवार को संस्कृत भाषा संगोष्ठी के साथ पंद्रह दिवसीय संस्कृत लोकगीत गायन कार्यशाला सृज नव संसारम् का शुभारंभ हुआ। महात्मा गांधी मार्ग स्थित म्यूनिसिपल चिल्ड्रेन पैलेस स्कूल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में संस्कृत भाषा की प्रासंगिकता, उसके संरक्षण और जनसामान्य तक उसकी पहुंच बनाने के उपायों पर चर्चा हुई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अखिल भारतीय साहित्य परिषद, अवध प्रांत के अध्यक्ष विजय त्रिपाठी ने कहा कि स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद संस्कृत भाषा अपेक्षित संरक्षण और प्रोत्साहन से वंचित रही तथा उपेक्षा का शिकार हुई। उन्होंने संस्कृत के प्रचार-प्रसार और नई पीढ़ी को इस भाषा से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थानम् के तत्त्वावधान में निःशुल्क प्रस्तुतिपरक संस्कृत लोकगीत गायन कार्यशाला का भी शुभारंभ हुआ। प्रथम दिवस संगीतज्ञ एवं प्रशिक्षिका आशा श्रीवास्तव ने प्रतिभागियों को आदि शंकराचार्य विरचित श्रीभवान्यष्टकम् का अभ्यास कराया। कार्यशाला में संस्कृत स्तोत्र के शुद्ध उच्चारण, लय एवं गायन की बारीकियों से प्रतिभागियों को परिचित कराया जा रहा है। कार्यशाला में कई प्रतिभागी ऑनलाइन माध्यम से भी जुड़े हैं।

कार्यक्रम में लोक संस्कृति शोध संस्थान की सचिव डॉ. सुधा द्विवेदी, कार्यशाला संयोजक अर्चना गुप्ता, रंजना शंकर, राज वर्मा, मनोरमा मिश्रा, कनक वर्मा, रमा अग्निहोत्री, मधु माथुर, देवेश्वरी पंवार, मधु तिवारी, सीमा अग्रवाल, रीता पांडेय, ज्योति किरन रतन, प्रीति श्रीवास्तव, नीलम वर्मा, मधुलिका श्रीवास्तव, सुषमा वैश्य, ज्योति पाण्डेय एवं प्रतिमा सिंह सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal