Friday , November 6 2026

जानकीपुरम वार्ड प्रथम : दीपोत्सव पर मिली बड़ी सौगात, 12 करोड़ से बनेगी डिजिटल लाइब्रेरी


लखनऊ (शम्भू शरण वर्मा/टेलीस्कोप टुडे)। दीपोत्सव के उल्लास के बीच जानकीपुरम वार्ड प्रथम को विकास की बड़ी सौगात मिली है। क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध कराने और नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक स्थान देने के उद्देश्य से सेक्टर-एफ स्थित श्री लक्ष्मण गौशाला के पास 12 करोड़ रुपये की लागत से तीन मंजिला पब्लिक डिजिटल लाइब्रेरी का निर्माण कराया जाएगा।

अवस्थापना निधि से बनने वाली इस महत्वाकांक्षी परियोजना का शुभारंभ शुक्रवार को धनतेरस के अवसर पर महापौर सुषमा खर्कवाल और क्षेत्रीय पार्षद निशा तिवारी ने विधिवत भूमि पूजन एवं शिलान्यास कर किया। करीब एक एकड़ जमीन पर बनने वाली यह लाइब्रेरी क्षेत्र में शिक्षा, अध्ययन और सामाजिक गतिविधियों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित होगी।

इस अवसर पर महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि जानकीपुरम क्षेत्र के लोगों को यह एक बड़ी सौगात है। तीन मंजिला भवन में डिजिटल लाइब्रेरी के साथ विद्यार्थियों के लिए आधुनिक अध्ययन क्षेत्र और बड़ा सेमिनार हॉल बनाया जाएगा। इसके अलावा वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग-अलग हॉल, कैफेटेरिया और पार्किंग की सुविधा भी उपलब्ध होगी। पार्किंग व्यवस्था को आवश्यकता के अनुसार और विस्तारित किया जाएगा। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण देने के साथ ही क्षेत्र के नागरिकों को एक आधुनिक सार्वजनिक सुविधा उपलब्ध कराना है।

महापौर ने कहा कि नगर निगम अपनी खाली पड़ी जमीनों को सुरक्षित करने के लिए विशेष अभियान चला रहा है। कई स्थानों पर सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे की समस्या सामने आती है। इसे रोकने के लिए अब अस्थायी व्यवस्था के बजाय पांच फीट ऊंची स्थायी बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया जा रहा है। जल्द ही लखनऊ में नगर निगम की सभी जमीनों को चिह्नित कर सुरक्षित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सामुदायिक केंद्र और जोनल कार्यालय भी विकसित किए जा रहे हैं, ताकि नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए दूर न जाना पड़े और स्थानीय स्तर पर ही सुविधाएं मिल सकें।

इस मौके पर पार्षद प्रतिनिधि सौरभ तिवारी ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में नगर निगम की कार्यप्रणाली में व्यापक बदलाव आया है। एक समय था जब विकास कार्यों की मांग करने पर नगर निगम के पास बजट न होने का हवाला दिया जाता था, लेकिन अब महापौर सुषमा खर्कवाल के नेतृत्व में क्षेत्र में सड़क, नाली और सीवर से लेकर बड़ी-बड़ी विकास परियोजनाएं लाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम प्रशासन के सहयोग से जानकीपुरम क्षेत्र में लगातार विकास कार्यों को गति मिल रही है। पब्लिक डिजिटल लाइब्रेरी जैसी महत्वपूर्ण परियोजना विद्यार्थियों और क्षेत्रीय नागरिकों के लिए उपयोगी साबित होगी। इसके लिए उन्होंने महापौर और नगर निगम प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

शिलान्यास कार्यक्रम में पार्षद प्रतिनिधि सौरभ तिवारी, गौरव तिवारी, मंडल अध्यक्ष संजय तिवारी, पूर्व मंडल अध्यक्ष राकेश पाण्डेय, अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त, मुख्य अभियंता महेश वर्मा, पर्यावरण अभियंता संजीव प्रधान, मंच संचालक श्री सौरभ तिवारी जी सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

लगभग एक एकड़ क्षेत्रफल में बनेगी आधुनिक लाइब्रेरी

करीब एक एकड़ क्षेत्रफल में बनने वाली इस तीन मंजिला लाइब्रेरी को आधुनिक शैक्षिक केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। इसमें डिजिटल माध्यम से अध्ययन की सुविधा के साथ विभिन्न आयु वर्ग के लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग स्थान तैयार किए जाएंगे।

बच्चों के लिए रीडिंग जोन, युवाओं के लिए सेमिनार हॉल

परियोजना के अंतर्गत बच्चों के लिए विशेष रीडिंग जोन और शैक्षिक एवं बौद्धिक गतिविधियों के लिए सेमिनार हॉल बनाया जाएगा। इसके साथ ही वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग हॉल की व्यवस्था होगी। लाइब्रेरी में कैफेटेरिया तथा लगभग 50 वाहनों की पार्किंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

विद्यार्थियों और युवाओं को मिलेगी अध्ययन की बेहतर सुविधा

इस आधुनिक लाइब्रेरी के निर्माण से जानकीपुरम सहित आसपास के क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं और युवाओं को अध्ययन के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध होगा। डिजिटल संसाधनों के माध्यम से उन्हें ज्ञान एवं सूचना के विभिन्न माध्यमों तक पहुंच मिलेगी। वहीं, सेमिनार हॉल और अन्य सुविधाओं के माध्यम से शैक्षिक एवं सामुदायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को मिलेगी विशेष सुविधा

लखनऊ विश्वविद्यालय के न्यू कैंपस, इंजीनियरिंग कॉलेज और डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) के आसपास रहने वाले विद्यार्थियों को इस डिजिटल लाइब्रेरी से विशेष लाभ मिलेगा। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं को अध्ययन के लिए बेहतर वातावरण, डिजिटल संसाधन और शैक्षिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।