Friday , November 6 2026

जागरूकता अभियानों का दिखा असर, लखनऊ मेट्रो में बढ़ी यात्रियों की संख्या


लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। यूपीएमआरसी द्वारा सालभर चलाए जा रहे जागरूकता एवं जनसंपर्क अभियानों से लोगों में मेट्रो के प्रति जागरूकता और भरोसा बढ़ रहा है। इसका सकारात्मक परिणाम लखनऊ मेट्रो की राइडरशिप में भी देखने को मिल रहा है। पिछले चार दिनों के दौरान लगातार प्रतिदिन एक लाख से अधिक यात्रियों ने मेट्रो में सफर किया। इस अवधि में 3 नवंबर को लगभग 1.10 लाख यात्रियों के साथ सर्वाधिक दैनिक राइडरशिप दर्ज की गई।

हजरतगंज और चारबाग स्टेशन पर सर्वाधिक आवाजाही

पिछले चार दिनों के स्टेशनवार आंकड़ों के अनुसार, हजरतगंज मेट्रो स्टेशन पर प्रतिदिन लगभग 11 हजार और चारबाग स्टेशन पर 10 से 11 हजार यात्रियों की आवाजाही दर्ज की गई। विश्वविद्यालय और अमौसी स्टेशनों पर यह संख्या लगभग 7 से 8 हजार, जबकि सिंगार नगर स्टेशन पर 6 से 7 हजार रही।

सालभर चलाए जा रहे जागरूकता अभियान

यूपीएमआरसी के ऑपरेशंस एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा हर महीने औसतन 300 जागरूकता एवं जनसंपर्क गतिविधियां आयोजित की जाती हैं। इनके माध्यम से लोगों को मेट्रो सेवाओं और सार्वजनिक परिवहन के लाभों की जानकारी दी जाती है। सोशल मीडिया पर भी नियमित अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों को मेट्रो से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाता है।

समयबद्ध संचालन और जाम से राहत

मेट्रो का समयबद्ध एवं विश्वसनीय संचालन यात्रियों को ट्रैफिक जाम की चिंता के बिना निर्धारित समय पर गंतव्य तक पहुंचने की सुविधा देता है। साथ ही, निजी वाहनों पर निर्भरता कम कर मेट्रो प्रदूषण घटाने में भी सहायक है।

यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहा, ‘लखनऊवासियों का मेट्रो पर बढ़ता भरोसा हमारे लिए उत्साहजनक है। हमारा प्रयास है कि बेहतर यात्री सुविधाओं और जागरूकता अभियानों के माध्यम से अधिक से अधिक लोग सार्वजनिक परिवहन को अपनाएं।’