Wednesday , October 28 2026

बाल निकुंज : करवा चौथ पर छात्राओं ने दिखाई कलात्मक प्रतिभा

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। करवा चौथ पर्व की पूर्व संध्या पर बुधवार को शिव सहाय गर्ल्स पीजी कॉलेज, बेहटा, बीकेटी स्थित सभागार में मेहंदी कला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें कॉलेज की छात्राओं और अभिभावकों के साथ बाल निकुंज इंग्लिश स्कूल, पलटन छावनी की छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। छात्राओं ने अपनी आकर्षक मेहंदी कला से सभी का मन मोह लिया।

प्रतियोगिता के दौरान छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता और कलात्मक हुनर का प्रदर्शन करते हुए सुंदर मेहंदी डिजाइन बनाए। छात्राओं की मेहंदी कला से अपनी कलाइयों और हथेलियों को सजवाकर अभिभावक महिलाएं काफी प्रसन्न नजर आईं। वहीं, मेहंदी से सजे हाथों ने अध्यापिकाओं को भी आकर्षित किया।

बाल निकुंज इंग्लिश स्कूल की कक्षा नौ की छात्राओं में नूर फातिमा ने प्रथम, बुशरा फातिमा ने द्वितीय और नेहा प्रजापति ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता छात्राओं की प्रतिभा की सराहना की गई।

इसी क्रम में बाल निकुंज गर्ल्स एकेडमी, अलीगंज में भी मेहंदी कला प्रतियोगिता आयोजित की गई। जूनियर कक्षाओं की प्रभारी महिमा पांडिया के मार्गदर्शन में कक्षा सात, आठ, नौ और 11 की छात्राओं ने प्रतियोगिता में भाग लेकर अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगी छात्राओं मानवी शर्मा, गरिमा वर्मा, मानवी सिंह, वैष्णवी सिंह और जानवी वर्मा की मेहंदी कला को खूब सराहा गया।

विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. अनूप कुमारी शुक्ला ने प्रतियोगिता के प्रथम पांच विजेताओं को पुरस्कृत कर सम्मानित किया। आयोजन के माध्यम से छात्राओं को अपनी रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला। करवा चौथ पर्व की तैयारियों के बीच आयोजित इस प्रतियोगिता ने परिसर में उत्साह और उल्लास का माहौल बना दिया।