लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। फैजुल्लागंज में बाढ़ का पानी उतरने के बाद प्रभावित परिवारों की मदद के लिए राहत अभियान लगातार जारी है। विधायक डॉ. नीरज बोरा की टीम जरूरतमंद परिवारों तक राशन सामग्री पहुंचाने में जुटी है। इसी क्रम में रक्षामंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह की प्रेरणा से सोमवार को महर्षि विद्या मंदिर से 18 ट्रैक्टर राशन सामग्री लेकर विभिन्न बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए रवाना किए गए।

विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा, रक्षा मंत्री के विशेष कार्य अधिकारी केपी सिंह और जनसंपर्क अधिकारी राघवेंद्र शुक्ला की उपस्थिति में राहत सामग्री वितरण अभियान को आगे बढ़ाया गया। इसके तहत राम विहार, विष्णु विहार, पतंग मैदान, मथुरा विहार, दुर्गापुरी, दाउदनगर, नई बस्ती, गौरी शंकर पुरम, अन्नपूर्णा नगर और गणेश विहार सहित विभिन्न प्रभावित इलाकों में राशन किट वितरित की गईं। एल डोरेडो स्कूल और सुभाष चंद्र बोस स्कूल के आसपास की कॉलोनियों में भी जरूरतमंद परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाई गई।

राहत अभियान के सदस्य सतीश वर्मा ने बताया कि नगर निगम की ओर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में कुल 6,700 घरों का आकलन किया गया था। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की ओर से 10 हजार घरों में राशन वितरित करने की घोषणा के बाद अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित किया जा रहा है। अब तक 4,000 परिवारों को राशन किट उपलब्ध कराई जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि शेष प्रभावित परिवारों तक भी राहत सामग्री पहुंचाने के लिए वितरण कार्य लगातार जारी रहेगा।

राहत वितरण अभियान में सुनील सिंह, रामशरण सिंह, प्रवीण गर्ग, अनुराग साहू, प्रदीप शुक्ला, लवकेश सिंह, शैलेंद्र मौर्य, कृपा शंकर मिश्रा, अनिल मिश्रा, शैलेंद्र स्वर्णकार, किशोर प्रजापति, विश्लेषण सिंह, गौरव अवस्थी, आदित्य गौड़, विशाल राजपूत, पीयूष मिश्रा, आदर्श राजपूत, आशीष त्रिवेदी, पीयूष तिवारी, राजू सिंह, सचिन गुप्ता, शीलू और मनोज मिश्रा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal