लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं मध्य प्रदेश के पूर्व राज्यपाल राम प्रकाश गुप्त की 103वीं जयंती पर अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की ओर से श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। दारुलशफा स्थित संगठन के मुख्यालय विधायक निवास में आयोजित कार्यक्रम में पदाधिकारियों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद किया।
अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं स्वदेशी व्यापारी मंच के राष्ट्रीय सह-संयोजक संदीप बंसल ने कहा कि राम प्रकाश गुप्त जैसा व्यक्तित्व आज के दौर में मिलना दुर्लभ है। उन्होंने संत-महात्माओं जैसा जीवन व्यतीत करते हुए सदैव कार्यकर्ताओं के लिए सहज और सुलभ रहने का उदाहरण प्रस्तुत किया। मुख्यमंत्री रहते हुए भी उनके आवास पर कार्यकर्ता बिना किसी झिझक के पहुंचकर अपनी बात रख सकते थे।

बंसल ने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता की बात सुनना और यथासंभव उसकी समस्या का समाधान करना राम प्रकाश गुप्त के स्वभाव में शामिल था। वह कार्यकर्ताओं को उचित पद और सम्मान दिलाने के लिए भी निरंतर प्रयासरत रहते थे। कार्यकर्ताओं के लिए उनका जीवन एक पाठशाला की तरह था, जहां सभी को कुछ न कुछ सीखने को मिलता था। उन्होंने कहा कि आज अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल जिस मुकाम पर पहुंचा है, उसमें राम प्रकाश गुप्त का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
इस मौके पर संगठन के प्रदेश अध्यक्ष रिपन कंसल, लखनऊ महानगर अध्यक्ष सुरेश छाबलानी, युवा प्रदेश महामंत्री आकाश गौतम, गोरखपुर के महामंत्री भोलेंद्र नारायण दुबे, लखनऊ के महामंत्री अनुज गौतम, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अमरनाथ चौधरी, विपिन अग्रवाल और सचिन नाथ पांडेय सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal