Tuesday , June 2 2026

300 से अधिक स्क्रीन पर हिंदी, ओड़िया और तेलुगु में रिलीज़ होगी ‘महाप्रभु जगन्नाथ’


मुंबई (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। आगामी एनिमेटेड फीचर फिल्म ‘महाप्रभु जगन्नाथ’ को लेकर दर्शकों के बीच उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। फिल्म के पहले पोस्टर को देशभर से शानदार प्रतिक्रिया मिलने के बाद अब फिल्म ने एक और महत्वपूर्ण और आध्यात्मिक पड़ाव हासिल किया है। फिल्म की टीम ने बेंगलुरु स्थित ‘द आर्ट ऑफ लिविंग इंटरनेशनल सेंटर’ में विश्वविख्यात आध्यात्मिक गुरु, मानवतावादी और ‘द आर्ट ऑफ लिविंग फाउंडेशन’ के संस्थापक ‘गुरुदेव श्री श्री रविशंकर’ से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस विशेष अवसर पर फिल्म के निर्माताओं ने ‘महाप्रभु जगन्नाथ’ का आधिकारिक पोस्टर गुरुदेव श्री श्री रविशंकर को भेंट किया और फिल्म की सफल यात्रा एवं रिलीज़ के लिए उनका आशीर्वाद लिया। गुरुदेव ने पूरी टीम का स्नेहपूर्वक स्वागत किया और फिल्म की सफलता के लिए अपनी शुभकामनाएँ एवं आशीर्वाद प्रदान किया। इस आध्यात्मिक और यादगार मुलाकात के बाद निर्माताओं ने आधिकारिक रूप से फिल्म की 10 जुलाई की पैन-इंडिया थिएट्रिकल रिलीज़ डेट की घोषणा की और साथ ही फिल्म का बहुप्रतीक्षित दूसरा पोस्टर भी जारी किया।

टेलीविज़न पर बेहद सफल रही ‘जय जगन्नाथ’ श्रृंखला के माध्यम से करोड़ों दर्शकों का दिल जीतने के बाद अब भगवान जगन्नाथ की दिव्य दुनिया बड़े पर्दे पर भव्य रूप में दर्शकों के सामने आने जा रही है। ‘महाप्रभु जगन्नाथ’ एक ऐसी पारिवारिक मनोरंजक फिल्म है जो उच्च स्तरीय एनिमेशन के साथ भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिकता और मूल्यों को खूबसूरती से प्रस्तुत करती है। यह फिल्म सभी आयु वर्ग के दर्शकों के लिए भावनात्मक, प्रेरणादायक और मनोरंजक अनुभव लेकर आएगी।

भारतीय सांस्कृतिक विरासत और भक्ति परंपरा से गहराई से जुड़ी यह फिल्म भगवान जगन्नाथ की समृद्ध कथाओं और रहस्यमयी लोककथाओं को आकर्षक एनिमेशन और बच्चों के अनुकूल दृश्य शैली के माध्यम से प्रस्तुत करेगी। इसका उद्देश्य नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और अध्यात्म से जोड़ते हुए मनोरंजन के साथ महत्वपूर्ण जीवन मूल्यों से परिचित कराना है।

फिल्म को ‘दुर्गा प्रसाद दलई’ ने ‘एले एनिमेशंस प्राइवेट लिमिटेड’ के बैनर तले निर्मित किया गया है। यह फिल्म लोकप्रिय एनिमेटेड श्रृंखला ‘जय जगन्नाथ’ की अभूतपूर्व सफलता के बाद बनाई गई है। यह श्रृंखला करोड़ों व्यूज़ प्राप्त कर चुकी है और ‘पोगो’ चैनल पर प्रसारित होने के बाद घर-घर में लोकप्रिय हुई। इसी सफलता को आगे बढ़ाते हुए अब एले एनिमेशंस बड़े पैमाने पर फिल्म को सिनेमाघरों तक पहुँचाने की तैयारी कर रहा है।

भारतीय एनिमेशन उद्योग के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए एले एनिमेशंस ने ‘सिनेपोलिस’ के साथ साझेदारी की है, जिसके तहत फिल्म को देशभर में 300 से अधिक स्क्रीन पर हिंदी, ओड़िया और तेलुगु भाषाओं में रिलीज़ किया जाएगा।

इस आध्यात्मिक अनुभव और फिल्म के व्यापक दृष्टिकोण पर बात करते हुए, एले एनिमेशंस के संस्थापक एवं क्रिएटिव हेड दुर्गा प्रसाद दलई ने कहा, “बेंगलुरु स्थित द आर्ट ऑफ लिविंग इंटरनेशनल सेंटर में गुरुदेव श्री श्री रविशंकर जी से मिलना और ‘महाप्रभु जगन्नाथ’ के लिए उनका आशीर्वाद प्राप्त करना हमारी पूरी टीम के लिए अत्यंत विनम्र और अविस्मरणीय अनुभव रहा है। उनके समक्ष फिल्म का आधिकारिक पोस्टर प्रस्तुत करना और रिलीज़ डेट की घोषणा तथा दूसरा पोस्टर लॉन्च करने से पहले उनका आशीर्वाद प्राप्त करना हमारे लिए बेहद विशेष क्षण था। ‘महाप्रभु जगन्नाथ’ हमारे बड़े विज़न ‘सनातन यूनिवर्स’ का पहला अध्याय है। यह एक ऐसा सांस्कृतिक और आध्यात्मिक स्टोरीटेलिंग यूनिवर्स होगा, जिसके माध्यम से हम भारतीय आध्यात्मिक कथाओं को दुनिया भर के दर्शकों तक पहुँचाना चाहते हैं। हम 10 जुलाई को इस सांस्कृतिक रूप से समृद्ध और जादुई सिनेमाई अनुभव को देशभर के परिवारों तक पहुँचाने के लिए बेहद उत्साहित हैं।”

भुवनेश्वर स्थित एले एनिमेशंस प्राइवेट लिमिटेड ने वर्ष 2008 से अब तक विश्व के 36 से अधिक देशों के लिए उच्च गुणवत्ता वाली एनिमेशन सामग्रियाँ निर्मित की हैं। स्टूडियो की सबसे बड़ी पहचान उसका लोकप्रिय ओरिजिनल आईपी ‘जय जगन्नाथ’ है, जिसने भारतीय पौराणिक कथाओं को आधुनिक कहानी कहने की शैली के साथ सफलतापूर्वक प्रस्तुत किया। अपने ओरिजिनल आईपी और अंतर्राष्ट्रीय सहयोगों के माध्यम से एले एनिमेशंस लगातार विश्वस्तरीय कॉन्टेंट क्रिएशन में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है।

फिल्म का निर्देशन श्रीपाद वारखेड़कर ने किया है, जबकि इसकी पटकथा और संवाद पल्लवी शर्मा द्वारा लिखे गए हैं। फिल्म के संगीत को अविरल कुमार ने स्वरबद्ध किया है, जो फिल्म में भक्ति, भावना और ऊर्जा का विशेष संचार करेगा। भक्ति, रोमांच, संस्कृति और भावनाओं से भरपूर दुनिया की झलक पेश करता ‘महाप्रभु जगन्नाथ’ का नया पोस्टर दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ा रहा है। दिव्य आशीर्वाद और बढ़ते जन-उत्साह के साथ यह बहुप्रतीक्षित एनिमेटेड फिल्म अब अपनी भव्य सिनेमाई यात्रा के लिए तैयार है।