Monday , August 24 2026

SBI कर्मचारियों ने सांसद प्रतिनिधि दिवाकर त्रिपाठी को सौंपा मांगपत्र

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। स्टेट बैंक संगठन के पदाधिकारियों ने सोमवार को केंद्रीय रक्षामंत्री एवं सांसद Rajnath Singh के प्रतिनिधि Divakar Tripathi को विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। संगठन की ओर से आशुतोष वर्मा, बृजेश तिवारी, शिव कुमार सिंह, तारकेश्वर चौहान सहित अन्य पदाधिकारियों ने सांसद प्रतिनिधि से मुलाकात कर कर्मचारियों की समस्याओं और मांगों से अवगत कराया।

ज्ञापन में संदेशवाहक एवं सशस्त्र गार्डों की भर्ती, बैंकों में पर्याप्त स्टाफ की नियुक्ति, स्थायी पदों पर आउटसोर्सिंग व्यवस्था बंद करने, मेडिकल रीइंबर्समेंट योजना में सुधार तथा पेंशन संबंधी विसंगतियों के समाधान की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई। कर्मचारियों ने कहा कि लंबे समय से लंबित मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होने से कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ रही है।

संगठन के मीडिया प्रभारी अनिल तिवारी ने बताया कि मांगों के समर्थन में मई माह में चरणबद्ध विरोध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके तहत 19 मई को वित्त मंत्री को ज्ञापन सौंपा जाएगा, जबकि 20 मई को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर देशव्यापी अभियान चलाया जाएगा। इसके अलावा 21 मई को प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजा जाएगा तथा 22 मई को राष्ट्रीय स्तर पर सभी केंद्रों पर प्रदर्शन और कैंडल मार्च आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि यदि इसके बाद भी कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो 25 और 26 मई को राष्ट्रव्यापी हड़ताल की जाएगी।