Friday , February 13 2026

ट्राई ने डीएनडी और माईस्पीड ऐप का नवीनीकृत संस्करण किया लॉन्च

नई दिल्ली : दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) के अध्यक्ष अनिल कुमार लाहोटी ने ट्राई के डीएनडी और माईस्पीड ऐप के नवीनीकृत संस्करण के लांचिंग के मौके पर कहा कि यह केवल रूप सुधार नहीं है बल्कि वर्तमान समय की तकनीकी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए मूल संरचना का पुनर्निर्माण किया गया है।ट्राई ने अवांछित कॉल और अनचाहे व्यावसायिक संदेशों पर अंकुश लगाने और नेटवर्क की वास्तविक समय में गुणवत्ता जांचने के लिए डीएनडी और माईस्पीड ऐप के नवीनीकृत संस्करण को लांच किया। कार्यक्रम में प्राधिकरण की सदस्य ऋतु रमन और सदस्य एमपी तंगीराला भी उपस्थित रहे।अनिल कुमार लाहोटी ने कहा कि इन दोनों ऐप के पुराने संस्करण वर्ष 2016 और 2017 में शुरू किए गए थे। समय के साथ तकनीक, सॉफ्टवेयर, परिचालन तंत्र, नेटवर्क संरचना और उपयोग के तौर तरीके में बड़ा बदलाव आया है। इसी कारण इन्हें पूरी तरह नए सिरे से विकसित करना आवश्यक हो गया था। साल 2025 में अनचाहे व्यावसायिक संचार से संबंधित कुल 31.09 लाख शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 17.06 लाख शिकायतें केवल ट्राई डीएनडी अनुप्रयोग के माध्यम से दर्ज की गईं, जो कुल शिकायतों का आधे से अधिक हिस्सा है।उन्होंने कहा कि डिजिटल संपर्क अब सामाजिक और आर्थिक जीवन का मूल आधार है। सरकारी सेवाएं, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार सभी गुणवत्तापूर्ण नेटवर्क पर निर्भर हैं। इसलिए सेवा की गुणवत्ता और संचार में विश्वास अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से अपील की कि वे स्पैम की सूचना देने और नेटवर्क गुणवत्ता जांचने के लिए इन अनुप्रयोगों का अधिकतम उपयोग करें।दूरसंचार नियामक प्राधिकरण ने दोनों अनुप्रयोगों के नए संस्करणों के जरिए उपभोक्ताओं को शिकायत दर्ज करने, सेवा प्रदाताओं की कार्यप्रणाली पर नजर रखने और सीधे प्रतिपुष्टि देने की सुविधा दी है। देश में 1.31 अरब से अधिक दूरसंचार ग्राहक हैं, जिनमें 1 अरब से ज्यादा ब्रॉडबैंड उपयोगकर्ता शामिल हैं। ट्राई ने कहा कि रोजाना अरबों वैध कॉल और संदेश होते हैं लेकिन अवांछित कॉल और फर्जी प्रचार संदेश अब भी बड़ी चुनौती बने हुए हैं।नवीनीकृत डीएनडी ऐप में बहुभाषी सुविधा, सरल शिकायत प्रक्रिया, संदर्भ संख्या के जरिए स्थिति जांच और 1600 श्रेणी के निर्धारित नंबर की जानकारी देखने की सुविधा जोड़ी गई है। दो सिम वाले दूरभाष के लिए बेहतर समर्थन और प्रचार संदेश रोकने हेतु पसंद प्रबंधन को भी आसान बनाया गया है। प्राधिकरण ने कहा कि केवल नंबर रोकने से कार्रवाई नहीं होती, आधिकारिक मंच पर शिकायत दर्ज करना जरूरी है।वर्ष 2025 में 7,31,120 नोटिस अपंजीकृत यूजर्स को जारी किए गए। 4,73,075 पर एक महीने और 89,936 पर छह महीने की संचार सीमा लगाई गई। अगस्त 2024 से अब तक 1,54,05,482 दूरसंचार संसाधन बंद किए गए हैं। कार्यवाई में डीएनडी ऐप की हिस्सेदारी 2021 के 13.16 प्रतिशत से बढ़कर 2025 में 84.43 प्रतिशत हो गई है।