Friday , September 20 2024

भाजपा में प्रतिनिधित्व न मिलने से कायस्थ बिरादरी खिन्न, प्रयागराज व फूलपुर से माँगा टिकट

फूलपुर और प्रयागराज से कायस्थ प्रत्याशी ही उतारे भाजपा : डा. इन्द्रसेन श्रीवास्तव

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। केन्द्र और राज्य में सत्तारूढ़ दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा लोकसभा चुनाव के लिए घोषित 51 क्षेत्रों में प्रतिनिधित्व न मिलने से कायस्थ बिरादरी बहुत खिन्न और नाराज दिख रहा है। अपने प्रत्याशी की माँग करते हुए आक्रोशित बिरादरी ने भाजपा से कहा कि हमें यदि संज्ञान नहीं लिया गया तो बनारस, बरेली, लखनऊ, प्रयागराज, फूलपुर, जौनपुर, गोरखपुर की लोकसभा की सीटों का परिणाम प्रभावित हो सकता है।

महासभा की बैठक रविवार को कायस्थ पाठशाला के लखनऊ सभागार में हुई। अध्यक्षता करते हुये महासभा के प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. इन्द्रसेन श्रीवास्तव ने संगठन की तरफ से बात रखते हुए कहा कि लोकसभा 2024 का चुनाव देश को नई दिशा देगा, जिसमें हर पार्टी के लिए यह चुनाव अहम हो गया है। देश के समस्त छोटे बड़े दल सत्ता की भागीदारी के लिए एड़ी छोटी का जोर लगा रहे हैं। हमारी कायस्थ बिरादरी दलों के दलदल से दूर भाजपा के साथ हमेशा से खड़ा रहा है।

बैठक में बुझे मन से डा. इन्द्रसेन ने कहा कि हम सभी का सहयोगी नजरिया देखते हुए भी भाजपा ने प्रदेश में अभी तक हमारी बिरादरी से किसी को भी प्रत्याशी नहीं बनाया है जो बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। कायस्थ प्रदेश के 18 संसदीय क्षेत्रों में भाजपा को जिताने का कार्य करता आया है।

उन्होंने कहा कि अब तक घोषित 51 क्षेत्रों में प्रतिनिधित्व ना पाने से यह बिरादरी बहुत आक्रोशित है। संगठन आज मीडिया के माध्यम से भाजपा नेतृत्व को अवगत कराना चाहता है कि इसे संज्ञान में लिया जाए अन्यथा बनारस, बरेली, लखनऊ, प्रयागराज, फूलपुर, जौनपुर, गोरखपुर की लोकसभा की सीटों का परिणाम प्रभावित हो सकता है। यह सही बात हो सकती है कि हम जीत नहीं सकते पर इसमें कोई शक नहीं होना चाहिए कि यदि कायस्थों की पीड़ा परवान चढ़ेगी तो भाजपा को नुकसान उठाना पड़ सकता है।

कायस्थ बिरादरी के प्रदेश अध्यक्ष डा. इन्द्रसेन श्रीवास्तव ने कहा कि दुनिया यह बात जानती है कि जहाँ कायस्थ होता है सत्ता वहीं होती है। आज संगठन आप सभी के माध्यम से कहना चाहता है कि भाजपा, फूलपुर और प्रयागराज से कायस्थ प्रत्याशी ही उतारे। संगठन भाजपा नेतृत्व को आश्वस्त करना चाहता है कि भाजपा के 400 पार का सपना कायस्थ बिरादरी ही पूरा कराएगा। डा. श्रीवास्तव ने कहा कि शीघ्रातिशीघ्र छोटी-छोटी टोलियों में हर क्षेत्र में कार्य कर रहे कायस्थ बिरादरी को सम्पर्क कर सुझाव लेते हुए आगे की रणनीति तय की जाएगी।

बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष सुशील कुमार श्रीवास्तव, नकुल सक्सेना, लखनऊ अध्यक्ष मोहित प्रकाश श्रीवास्तव, आमोद श्रीवास्तव, प्रत्युष श्रीवास्तव, प्रभाकर निगम, विनोद कुमार श्रीवास्तव, धीरज निगम ने भी अपने-अपने विचार व्यक्त किए।