Sunday , October 25 2026

रोटरी कार रैली में दिखा हरित भविष्य का संकल्प, 12 विंटेज कारें बनीं आकर्षण का केंद्र

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। पर्यावरण संरक्षण, हरित जीवनशैली और सतत विकास का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से रोटरी क्लब ऑफ लखनऊ की ओर से रविवार को जनेश्वर मिश्र पार्क से रोटरी डिस्ट्रिक्ट कार रैली का भव्य आयोजन किया गया। ‘गो ग्रीन’ की थीम पर आयोजित इस रैली में 110 से अधिक कारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जबकि 12 विंटेज कारों ने अपनी शानदार मौजूदगी से आयोजन को खास और यादगार बना दिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रमुख सचिव, आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स आलोक कुमार के साथ ही रोटरी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन पूनम गुलाटी और डिस्ट्रिक्ट रोटरी फाउंडेशन चेयर एवं पास्ट डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन सतपाल गुलाटी की उपस्थिति रही।

रैली का मुख्य उद्देश्य कार्बन फुटप्रिंट कम करने, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली अपनाने के प्रति लोगों को जागरूक करना था। प्रतिभागियों ने अपनी कारों को पर्यावरण संरक्षण से जुड़े नारों और संदेशों से सजाकर हरित एवं स्वच्छ भविष्य के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की। विंटेज कारों की आकर्षक भागीदारी ने रैली में परंपरा, विरासत और पर्यावरण जागरूकता का अनूठा संगम प्रस्तुत किया।

इस आयोजन को सफल बनाने में रोटरी क्लब ऑफ लखनऊ की अध्यक्ष रोटेरियन स्तुति मित्तल, सचिव रोटेरियन कर्णिका शाजवानी, कार रैली चेयरमैन रोटेरियन नरेश अग्रवाल, को-चेयरमैन रोटेरियन विपिन गुप्ता और पास्ट प्रेसिडेंट दीपक मारवाहा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। क्लब के पास्ट प्रेसिडेंट्स प्रवीण मित्तल, संगीता मारवाहा, संगीता मित्तल, मनीष अग्रवाल, अशोक टंडन और पंकज कपूर सहित अनेक रोटरी सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी कर आयोजन की गरिमा बढ़ाई।

रैली के दौरान संगीत और मनोरंजन ने माहौल को उल्लासपूर्ण बनाया। रोटरी सदस्यों और प्रतिभागियों ने आपसी मेलजोल, मित्रता और शानदार फेलोशिप का आनंद लिया। आयोजन के समापन पर रोटरी क्लब ऑफ लखनऊ की ओर से अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगियों को सम्मानित कर उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया गया।