लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। बैंक ऑफ बड़ौदा की ओर से नौवें बड़ौदा किसान पखवाड़े के तहत लखनऊ में मेगा किसान मेले का आयोजन किया गया। इसमें 1700 से अधिक किसानों और कृषि क्षेत्र से जुड़े ग्राहकों ने भाग लिया। मेले के दौरान बैंक ने किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), ट्रैक्टर ऋण, स्वर्ण ऋण तथा खाद्य एवं कृषि वित्तपोषण सहित विभिन्न योजनाओं के तहत कुल 243 करोड़ रुपये के कृषि ऋण स्वीकृत किए।
इस राष्ट्रव्यापी अभियान का शुभारंभ बैंक ऑफ बड़ौदा के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. देबदत्त चांद ने किया। 25 नवंबर से 10 दिसंबर 2026 तक चलने वाले इस अभियान के अंतर्गत देशभर में किसान मेले, किसान चौपाल, संपर्क कार्यक्रम और जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसका उद्देश्य किसानों को संस्थागत ऋण एवं बैंकिंग सुविधाओं से जोड़ना है।
मेले का उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार के संस्थागत वित्त विभाग की महानिदेशक संदीप कौर ने किया। कार्यक्रम में नाबार्ड लखनऊ के मुख्य महाप्रबंधक पंकज कुमार, कृषि विभाग के निदेशक त्रयंबक मणि त्रिपाठी तथा कृषि सांख्यिकी एवं फसल बीमा विभाग के निदेशक प्रमोद कुमार मौजूद रहे। बैंक के लखनऊ अंचल के महाप्रबंधक एवं अंचल प्रमुख शैलेंद्र कुमार सिंह ने अतिथियों और किसानों का स्वागत किया।
इस अवसर पर किसानों तक बैंकिंग सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए किसान रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। मेले में बैंक ने कृषि एवं ग्रामीण बैंकिंग से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। इनमें स्वयं सहायता समूहों को ऋण, कृषि अवसंरचना निधि, पीएम-कुसुम, पीएमएफएमई, फार्म मैकेनाइजेशन और कृषि से जुड़ी अन्य गतिविधियों के लिए वित्तपोषण शामिल हैं।
डॉ. देबदत्त चांद ने कहा कि बड़ौदा किसान पखवाड़ा किसानों की प्रगति और समृद्धि के प्रति बैंक की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। बैंक का प्रयास किसानों को आसान संस्थागत ऋण, डिजिटल बैंकिंग सुविधाएं और उनकी जरूरतों के अनुरूप वित्तीय समाधान उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि बैंक किसानों की बदलती आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में लगातार काम कर रहा है। लखनऊ अंचल में बैंक की कुल 502 शाखाएं हैं, जिनमें 335 शाखाएं अर्धशहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित हैं।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal