लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। फैजुल्लागंज स्थित कृष्णलोक कॉलोनी में विज्ञान फाउंडेशन के यूथ इंगेजमेंट प्रोग्राम के अंतर्गत पीयर लीडर फेलो एवं फैमिली प्लानिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। हाल ही में जलभराव से प्रभावित रहे इस क्षेत्र में समुदाय के लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शिविर आयोजित किया गया।
इसी क्षेत्र में एक ओर सरकार स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से लोगों को निःशुल्क चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन कर रही है, वहीं इन प्रयासों को आगे बढ़ाते हुए विज्ञान फाउंडेशन ने फैमिली प्लानिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया के सहयोग से कृष्णलोक कॉलोनी में इस शिविर का आयोजन किया। इसका उद्देश्य समुदाय के लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, आवश्यक दवाएं एवं चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराना तथा महिलाओं और किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूक करना था।
शिविर में लगभग 200 लोगों का पंजीकरण किया गया। चिकित्सकों ने विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य जांच की और जरूरत के अनुसार निःशुल्क दवाओं का वितरण किया। साथ ही, लोगों को बीमारियों से बचाव, व्यक्तिगत स्वच्छता और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने के संबंध में जानकारी दी गई। शिविर के दौरान 150 महिलाओं एवं किशोरियों को निःशुल्क सेनेटरी पैड भी वितरित किए गए।

इस अवसर पर समुदाय की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अनीता ने कहा कि इस समय समुदाय में स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन बहुत उपयोगी है। इससे लोगों को अपने स्वास्थ्य की जांच कराने, आवश्यक दवाएं प्राप्त करने और डॉक्टरों से परामर्श लेने का अवसर मिलता है। उन्होंने विश्वास जताया कि विज्ञान फाउंडेशन द्वारा आयोजित इस शिविर से समुदाय के लोगों को निश्चित रूप से लाभ मिलेगा।
पीयर लीडर फेलो रोशनी ने बताया कि शिविर में लोगों को उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को ध्यान में रखते हुए जांच और आवश्यक दवाओं की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इसके अतिरिक्त 150 महिलाओं एवं किशोरियों को निःशुल्क सेनेटरी पैड वितरित किए गए। उन्होंने कहा कि संस्था का प्रयास है कि समुदाय के लोगों तक स्वास्थ्य संबंधी जरूरी जानकारी और सुविधाएं पहुंचें तथा महिलाएं एवं किशोरियां अपने स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक बनें।
शिविर में फैमिली प्लानिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया की ओर से डॉक्टर गोल्डी पटेल (कंसल्टेंट), वर्तिका दुबे (प्रोग्राम ऑफिसर), सुजाता कविराज (एएनएम), ऋतिक यादव, श्वेता सिंह, अक्षर मिश्रा एवं आदित्य शुक्ला (युवा स्वयंसेवक) ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। वहीं, विज्ञान फाउंडेशन की ओर से पीयर लीडर फेलो चांदनी, रोशनी एवं रोशनी गुप्ता ने शिविर के संचालन और समुदाय के लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने में सहयोग किया। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अनीता और आशा कार्यकर्ता मोहिनी भी उपस्थित रहीं।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal