Wednesday , October 28 2026

गोमती की जैव विविधता बचाने की पहल, नदी में छोड़े गए मछलियों के बच्चे

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक जी ने गोमती नदी में भारतीय मेजर कार्प मछलियों के संरक्षण एवं संवर्धन हेतु राज्य सरकार द्वारा पोषित रिवर रैंचिंग एवं जनजागरूकता कार्यक्रम में सपत्नीक सहभागिता की। इस अवसर पर लक्ष्मण पार्क के पास आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक एवं मत्स्य मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद की उपस्थिति में गोमती नदी में मछलियों के बच्चों को छोड़ा गया।

उप मुख्यमंत्री ने कहाकि नदियाँ हमारी जीवनरेखा और प्राकृतिक धरोहर हैं। गोमती नदी की निर्मल धारा, जलीय जैव विविधता और पारिस्थितिक संतुलन को संरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। नदियाँ न केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं, बल्कि लाखों लोगों की आजीविका और जीवन से भी जुड़ी हुई हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार नदी संरक्षण, जलीय जीवों की सुरक्षा तथा पर्यावरणीय संतुलन को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है। रिवर रैंचिंग जैसे कार्यक्रम नदियों में मछलियों की संख्या बढ़ाने, जलीय जैव विविधता के संरक्षण और प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं। जनजागरूकता के माध्यम से आमजन को भी नदियों की स्वच्छता एवं संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाना आवश्यक है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण वर्तमान के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के भविष्य के लिए भी आवश्यक है। गोमती नदी सहित प्रदेश की अन्य नदियों के संरक्षण और जलीय जीवों की सुरक्षा के लिए सामूहिक प्रयासों को निरंतर प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।

कार्यक्रम में प्रदेश के मत्स्य मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद, विशेष सचिव, मत्स्य विभाग सुनील कुमार, संयुक्त निदेशक अनिल कुमार, संयुक्त निदेशक (प्रशासन) अरुण कुमार, उप निदेशक (मुख्यालय) पुनीत कुमार, उप निदेशक (नियोजन) एजाज अहमद नकवी, उप निदेशक (सांख्यिकी) उग्रसेन सिंह सहित विभागीय अधिकारी एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।