Wednesday , October 28 2026

श्री शारदा ग्रुप में ‘आरंभ 2026’ की धूम, रैंप वॉक, संगीत और नृत्य ने बांधा समां

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। श्री शारदा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में मंगलवार को वार्षिक फ्रेशर्स पार्टी समारोह ‘आरंभ 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। उत्साह, उमंग और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजे इस समारोह में 1000 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के माध्यम से नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत करने के साथ उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और वरिष्ठ विद्यार्थियों के साथ संवाद व आपसी तालमेल बढ़ाने का अवसर मिला।

समारोह में विद्यार्थियों ने रैंप वॉक, संगीत और नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं, नेपच्यून बैंड की लाइव प्रस्तुति ने कार्यक्रम में जोश और ऊर्जा का संचार किया। पूरे आयोजन के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण मिस्टर और मिस फ्रेशर प्रतियोगिता रही। इसमें सूर्य कुमार को ‘मिस्टर फ्रेशर’ और महिमा त्रिपाठी को ‘मिस फ्रेशर’ के खिताब से सम्मानित किया गया। विजेताओं की घोषणा के साथ ही सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

समारोह में बतौर मुख्य अतिथि मौजूद पूर्व पुलिस महानिदेशक विजय कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए अनुशासन, सत्यनिष्ठा और नैतिक मूल्यों के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कॉलेज विद्यार्थियों को अपनी राह चुनने की स्वतंत्रता देता है, लेकिन अनुशासन के बिना स्वतंत्रता अराजकता को जन्म दे सकती है। विद्यार्थियों को अपने सपनों को निडर होकर पूरा करने के साथ अपनी अंतरात्मा और नैतिक मूल्यों के अनुरूप आगे बढ़ना चाहिए।

कार्यक्रम में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स अक्षत भार्गव और प्रदीप वर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।इस अवसर पर संस्थान के वाइस चेयरमैन निर्मेश सिंह, डायरेक्टर डॉ. ज्योति सिंह, डीन प्रो. (डॉ.) विवेक मिश्रा और डीन अकादमिक प्रो. अरुण कुमार शुक्ला सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।