लखनऊ (शम्भू शरण वर्मा/टेलीस्कोप टुडे)। लखनऊ में लग्जरी हॉस्पिटैलिटी अब सिर्फ ठहरने का अनुभव नहीं, बल्कि शहर की विरासत, प्रकृति और आधुनिकता की कहानी भी कह रही है। गोमती नगर में शुरू हुआ ताज पैलेस इसी अनूठे प्रयोग का उदाहरण है, जहां ‘खोया हुआ जंगल’ से लेकर मछली, भारतीय पिट्टा पक्षी और पलाश के फूलों तक, अवध की पहचान को आधुनिक डिजाइन में जीवंत किया गया है।

जंगल के मचान जैसी कॉफी शॉप, ‘डेन’ की अवधारणा वाला स्पा और पलाश के फूलों जैसे चमकते चांदेलियर होटल को खास पहचान देते हैं। प्रकृति और नवाबी विरासत के इस संगम के साथ ताज पैलेस लखनऊ में लग्जरी स्टे, डाइनिंग, वैलनैस और सेलिब्रेशन का नया अनुभव पेश करने को तैयार है।

राजधानी में खुले ताज पैलेस को स्थानीय विरासत, प्रकृति और जंगल की थीम के अनूठे मेल के साथ डिजाइन किया गया है। होटल के अलग-अलग हिस्सों में लखनऊ और अवध की पहचान से जुड़े फूल, पक्षी, मछली और प्राकृतिक परिवेश को आधुनिक वास्तुशिल्प के साथ जोड़ा गया है। यहां आने वाले मेहमानों को हर स्थान पर एक अलग थीम और कहानी देखने को मिलेगी।
ये भी पढ़े : रूफटॉप पूल, प्रेसीडेंशियल सुइट और भव्य इवेंट स्पेस से खास बना ताज पैलेस

गोमती नगर में स्थित इस आधुनिक होटल में प्रकृति से प्रेरित आर्किटेक्चर, खास डाइनिंग एवं वैलनैस के साथ-साथ शादियों, जश्नों और MICE (मीटिंग्स, इंसेंटिव्स, कॉन्फ्रेंस और एग्ज़िबिशन) के लिए बड़े वैन्यू उपलब्ध हैं। गोमती नदी, जंगलों और बगीचों के नज़ारों के बीच मौजूद यह होटल शहर की पारम्परिक विरासत और आधुनिकता का बेहतरीन संयोजन है। यह होटल लखनऊ में कई नई चीज़ें लेकर आया है, जिनमें ‘द चैम्बर्स’ और ‘ताज जे वेलनेस सर्कल’ से लेकर खास बटलर सर्विस और टेम्परेचर-कंट्रोल्ड रूफटॉप पूल तक बहुत कुछ शामिल है।

ताज के खास अनुभवों, डेस्टिनेशन डाइनिंग, वैलनैस, एक्सक्लुज़िव लाइफ़स्टाइल पेशकश और शादियों एवं MICE के लिए डिज़ाइन किए गए स्पेसेज़ के साथ, ताज पैलेस, लखनऊ शहर में हॉस्पिटैलिटी को नया आयाम देने के लिए तैयार है। लखनऊ की बदलती पहचान से जुड़े रहते हुए, आधुनिक लक्ज़री और सेवाएं प्रदान करने वाला यह होटल उन लोगों के लिए पसंदीदा गंतव्य बन जाएगा जो नवाबों के शहर में स्टे, डाइनिंग और सेलेब्रेशन का अनूठा अनुभव पाना चाहते हैं।
“खोया हुआ जंगल” थीम पर बने ताज पैलेस के कॉफी शॉप को जंगल में बने पारंपरिक मचान की अवधारणा पर तैयार किया गया है। इसकी डिजाइन में जंगल के बीच बने मचान और प्रकृति के बीच रहने के अनुभव को आधुनिक रूप दिया गया है।

होटल का स्पा भी जंगल की थीम पर आधारित है। इसे जंगल में बने एक ‘डेन’ यानी प्राकृतिक ठिकाने की अवधारणा को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। वहीं, विशेष सदस्यों के लिए बनाए गए ‘द चैंबर्स’ को भारतीय पिट्टा पक्षी की थीम से प्रेरित किया गया है। यहां इस्तेमाल की गई टाइलों और रंगों में पक्षी के पंखों की झलक दिखाई देती है।

ताज क्लब को लखनऊ में पारंपरिक रूप से लोकप्रिय मछली की थीम पर तैयार किया गया है। इसकी डिजाइन और रंग संयोजन में मछली की आकृति और उसके स्वरूप से प्रेरणा ली गई है। होटल के बॉलरूम को लखनऊ की पुरानी पहचान से जुड़े पलाश के फूल की थीम दी गई है।
बॉलरूम की खासियत वहां लगे हाथ से तैयार किए गए चांदेलियर हैं। इन्हें चेक रिपब्लिक की विशेषज्ञ टीम ने तैयार किया है। इन चांदेलियर को लगाने के लिए विदेश से विशेषज्ञों की टीम विशेष रूप से लखनऊ आई थी और इन्हें स्थापित करने में कई दिन लगे। चांदेलियर को इस तरह डिजाइन किया गया है कि वे खिले हुए पलाश के फूलों की तरह नजर आते हैं।

होटल के बाहरी हिस्से की डिजाइन भी प्राकृतिक परिवेश से प्रेरित है। सूर्यास्त के बाद जब चांदनी होटल की सतह पर पड़ती है तो इसकी चमक एक अलग अनुभव देती है। सिल्वर रंग की सीलिंग और उससे मेल खाता वॉलपेपर हल्की चांदनी के प्रभाव को उभारते हैं। इस तरह होटल की बाहरी और आंतरिक सज्जा में रोशनी, प्रकृति और स्थानीय विरासत का तालमेल देखने को मिलता है।

होटल में खानपान और पेय पदार्थों की विविधता पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। यहां ऐसी कई अंतरराष्ट्रीय ब्रांड की व्हिस्की और अन्य पेय विकल्प उपलब्ध कराने की तैयारी की गई है, जो लखनऊ में पहले आसानी से उपलब्ध नहीं थे। होटल प्रबंधन के अनुसार, इनमें से कई ब्रांड पहली बार शहर में यहां उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
कुल मिलाकर, ताज पैलेस लखनऊ को केवल एक लग्जरी होटल के रूप में नहीं, बल्कि शहर की प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत को आधुनिक अंदाज में प्रस्तुत करने वाले स्थल के रूप में विकसित किया गया है। जंगल, पक्षी, मछली, पलाश और चांदनी जैसी अवधारणाओं के जरिए होटल की डिजाइन में लखनऊ की पुरानी पहचान और आधुनिक आतिथ्य का संगम नजर आता है।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal