Thursday , November 26 2026

बॉर्डर के बाद फिर टकराएंगे सनी-अक्षय, ‘इक्का’ में अदालत बनेगी जंग का मैदान

मुंबई (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। जब इंसाफ की लड़ाई निजी जंग बन जाए और अतीत के दबे हुए राज सामने आने लगें, तो अदालत ही उस जंग का सबसे बड़ा मैदान बन जाती है। सही और गलत के बीच की कशमकश, रिश्तों की उलझनें और अचानक होने वाले टकराव से भरी ऐसी ही कहानी लेकर आ रहा है ज़ी सिनेमा। सनी देओल और अक्षय खन्ना स्टारर फिल्म ‘इक्का’ का वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर 29 नवंबर को रात 8 बजे होगा।

सिद्धार्थ पी. मल्होत्रा द्वारा निर्देशित और अल्केमी फ़िल्म्स द्वारा निर्मित इक्का लगभग तीन दशकों बाद सनी देओल और अक्षय खन्ना को एक बार फिर बड़े पर्दे पर साथ लेकर आई है। बॉर्डर में अपनी यादगार साझेदारी के बाद दोनों दिग्गज कलाकार इस फिल्म में एक बार फिर आमने-सामने नज़र आते हैं। अदालत की तीव्र पृष्ठभूमि पर आधारित यह फिल्म न्याय और व्यक्तिगत विश्वास के बीच की महीन रेखा को तलाशती है और एक अहम सवाल उठाती है कि इंसान उन लोगों और मूल्यों की रक्षा के लिए कितना आगे जा सकता है, जिन्हें वह सबसे अधिक चाहता है।

फिल्म की कहानी अर्जुन मेहरा (सनी देओल) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक मशहूर वकील है और अपने सिद्धांतों के साथ कभी समझौता नहीं करता। उसकी पूरी जिंदगी इंसाफ के लिए लड़ते हुए गुजरी है। लेकिन हालात तब बदल जाते हैं, जब उसे शौर्यमान गौर (अक्षय खन्ना) का केस लड़ना पड़ता है। शौर्यमान उसके अतीत से जुड़ा ऐसा शख्स है, जिसका केस वो अपनी मर्जी से कभी नहीं लड़ता। शुरुआत में एक बड़ा कानूनी मामला नजर आने वाली यह लड़ाई जल्द ही अर्जुन के लिए निजी जंग बन जाती है। पुराने जख्म, दबी हुई सच्चाइयां और एक-दूसरे के प्रति वफादारी के बीच टकराव सामने आने लगता है। अपने परिवार का भविष्य दांव पर लगा होने के कारण, अर्जुन खुद को ऐसी परिस्थितियों में घिरा पाता है, जहां उसके हर फैसले की एक भारी कीमत चुकानी पड़ सकती है।

फिल्म में दीया मिर्जा अर्जुन की पत्नी अवंतिका और तिलोत्तमा शोम एक दृढ़ निश्चयी सरकारी वकील मधुरा बनर्जी की भूमिका में हैं। मधुरा भी इंसाफ दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। कई परतों वाले किरदारों, अदालत में दमदार बहस और जज़्बात से भरे टकराव के जरिए ‘इक्का’ सिर्फ एक आम कोर्टरूम ड्रामा बनकर नहीं रह जाती, बल्कि मुश्किल फैसलों की इंसानी कीमत को भी सामने लाती है।

दमदार अभिनय, दिलचस्प कहानी और जज़्बात से भरे टकराव के साथ ‘इक्का’ दर्शकों को एक रोमांचक अनुभव देने का वादा करती है। यह फिल्म कानूनी लड़ाई के रोमांच को रिश्तों, जिम्मेदारियों और अपनी गलतियों को सुधारने की कोशिश से जोड़ती है। अर्जुन और शौर्यमान की लड़ाई में दांव सिर्फ अदालत तक सीमित नहीं हैं। ऐसे में दर्शकों के मन में भी यह सवाल उठेगा कि क्या इंसाफ हमेशा उतना ही सीधा होता है, जितना पहली नजर में दिखाई देता है?