लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। डांस, जुनून और डिजिटल प्लेटफॉर्म की दुनिया को केंद्र में रखकर बनाई जा रही फिल्म ‘थाप यू-ट्यूबर स्टार’ का रविवार को मुहूर्त हुआ। बख्शी का तालाब क्षेत्र में चंद्रिका देवी मंदिर रोड स्थित व्हाइट हाउस में आयोजित मुहूर्त कार्यक्रम में फिल्म से जुड़े कलाकारों और तकनीकी टीम के सदस्यों ने हिस्सा लिया। फिल्म में अभिनेता सुशांत पुजारी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे।
मुहूर्त के अवसर पर अभिनेता अनिल रस्तोगी, आचार्य लव भूषण, अभिनेता सुशांत पुजारी, अभिनेत्री व्योमा और राधिका समेत फिल्म की पूरी टीम मौजूद रही। फिल्म का निर्माण गतिमान फिल्म्स के बैनर तले किया जा रहा है। फिल्म के निर्देशन की जिम्मेदारी पदम सिंह और सिद्धांत धरत संभाल रहे हैं, जबकि कार्यकारी निर्माता संतोष वर्मा हैं। फिल्म के कैमरामैन नरेश शाह हैं।

फिल्म की कहानी में डांस, युवा प्रतिभा और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव को प्रमुखता से दिखाया जाएगा। डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए पहचान बनाने की कोशिश कर रहे युवाओं के संघर्ष और उनके सपनों को मनोरंजक अंदाज में पर्दे पर उतारने का प्रयास किया जा रहा है। लखनऊ की लोकेशन और यहां की सांस्कृतिक विरासत भी फिल्म को खास पहचान देने में अहम भूमिका निभाएगी।

निर्देशक पदम सिंह ने बताया कि लखनऊ में फिल्म की शूटिंग करीब 40 दिनों तक चलेगी। इस दौरान शहर के विभिन्न प्रमुख और ऐतिहासिक स्थलों को फिल्म की कहानी का हिस्सा बनाया जाएगा। बख्शी का तालाब, कुड़िया घाट, रूमी गेट और जनेश्वर मिश्र पार्क समेत कई स्थानों पर फिल्म के महत्वपूर्ण दृश्यों की शूटिंग की जाएगी।
उन्होंने कहा, “गतिमान फिल्म्स सिनेमाई दुनिया में गुणवत्ता, नवाचार और बेहतरीन कहानियों को बड़े पर्दे पर लाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। एक प्रोडक्शन हाउस के रूप में हमारा लक्ष्य नए दृष्टिकोण के साथ दर्शकों को एक अविस्मरणीय और प्रभावशाली सिनेमाई अनुभव देना है।”
मुख्य किरदार निभा रहे सुशांत पुजारी ने कहा, “गतिमान फिल्म्स के साथ इस बेहतरीन यात्रा की शुरुआत करते हुए मुझे बेहद गर्व और खुशी महसूस हो रही है। इस फिल्म में मेरा किरदार बहुत खास है, और हम पूरी मेहनत के साथ एक ऐसी कहानी पेश करेंगे जो दर्शकों को अंत तक बाँधे रखेगी।”

अभिनेता अनिल रस्तोगी ने कहा, “गतिमान फिल्म्स जैसे महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट का हिस्सा बनना और इस बेहतरीन टीम के साथ जुड़ना मेरे लिए बेहद खुशी की बात है। लखनऊ की इस ऐतिहासिक सरज़मीन पर बनी यह फिल्म अपनी सशक्त कहानी और अभिनय के बल पर दर्शकों पर एक गहरी छाप छोड़ेगी।”
आचार्य लव भूषण ने कहा, “आज गतिमान फिल्म्स का यह शुभ मुहूर्त केवल एक नए सिनेमाई सफर की शुरुआत नहीं, बल्कि कला और सकारात्मक ऊर्जा का एक पवित्र संगम है। ईश्वर से प्रार्थना है कि यह प्रोजेक्ट सफलता के नए आयाम गढ़े और दर्शकों के दिलों में अपनी खास जगह बनाए।

फिल्म की कहानी में डांस और डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए अपनी पहचान बनाने का सपना देखने वाले युवा की यात्रा को प्रमुखता दी गई है। फिल्म का शीर्षक भी आज के दौर में यू-ट्यूब और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव की ओर संकेत करता है।
फिल्म का मोशन पोस्टर जून 2026 में सामने आया था। पोस्टर के जरिए फिल्म की ऊर्जा और डांस से जुड़ी दुनिया की शुरुआती झलक दर्शकों को दी गई थी। फिल्म की घोषणा के बाद से ही इसे खासतौर पर डांस और डिजिटल कंटेंट से जुड़े युवा दर्शकों के लिए आकर्षक प्रोजेक्ट के रूप में देखा जा रहा है।
‘थाप यू-ट्यूबर स्टार’ के जरिए निर्माताओं की कोशिश बड़े पर्दे पर उस बदलाव को दिखाने की है, जहां सोशल मीडिया और यू-ट्यूब जैसे प्लेटफॉर्म युवाओं को अपनी प्रतिभा दुनिया तक पहुंचाने का अवसर दे रहे हैं। अब देखना होगा कि अशोक डी स्टार की यह फिल्म दर्शकों के बीच किस तरह अपनी जगह बनाती है।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal