सोशल मीडिया प्रतिभा निखारने का मंच, लेकिन सतर्कता जरूरी : अभिनेत्री व्योमा
लखनऊ (शम्भू शरण वर्मा/टेलीस्कोप टुडे)। डांस, जुनून और डिजिटल प्लेटफॉर्म की दुनिया पर आधारित फिल्म ‘थाप यू-ट्यूबर स्टार’ के मुहूर्त के अवसर पर अभिनेत्री व्योमा ने फिल्म में अपनी भूमिका और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि फिल्म में वह अनन्या का किरदार निभा रही हैं, जो कहानी में सुशांत पुजारी के निभाए जा रहे किरदार की करीबी दोस्त की भूमिका में नजर आएंगी।
टेलीस्कोप टुडे संवाददाता शम्भू शरण वर्मा से खास बातचीत में व्योमा ने कहा कि अनन्या का किरदार काफी समझदार, संवेदनशील और दूसरों की भावनाओं को समझने वाला है। वह सुशांत पुजारी के किरदार की यात्रा और उसके संघर्षों को करीब से समझती है। अभिनेत्री ने कहा कि इस किरदार की भावनाओं से वह खुद भी काफी हद तक जुड़ाव महसूस करती हैं, क्योंकि उनके परिवार में भी कुछ ऐसी परिस्थितियां रही हैं, जो फिल्म में दिखाए गए संघर्षों से मेल खाती हैं।

उन्होंने कहा कि अनन्या सिर्फ एक दोस्त नहीं, बल्कि जरूरत के समय साथ खड़े रहने वाली एक संवेदनशील और caring शख्सियत है। वह अपने दोस्त की परिस्थितियों और संघर्षों को समझते हुए उसे सही दिशा देने की कोशिश करती है।
सोशल मीडिया के सही इस्तेमाल पर जोर
सोशल मीडिया के जरिए सामने आने वाली सकारात्मक और नकारात्मक दोनों तरह की चीजों पर बात करते हुए व्योमा ने कहा कि सोशल मीडिया कलाकारों और प्रतिभाशाली युवाओं के लिए अपनी पहचान बनाने का बहुत अच्छा मंच है। हालांकि, इसका इस्तेमाल जिम्मेदारी के साथ किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कलाकारों को अपनी प्रतिभा के लिए उचित पहचान और अवसर मिलना चाहिए। केवल लालच या जल्द सफलता हासिल करने की चाह में किसी को उस उद्देश्य से भटकना नहीं चाहिए, जिसके लिए उसने सोशल मीडिया का इस्तेमाल शुरू किया था।

व्योमा के मुताबिक फिल्म ‘थाप यू-ट्यूबर स्टार’ में सोशल मीडिया से जुड़े संभावित फ्रॉड और उसके खतरों को भी कहानी के माध्यम से सामने लाने की कोशिश की गई है। फिल्म यह संदेश देगी कि डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करते समय किस तरह सावधानी बरतनी चाहिए और खुद को ऑनलाइन धोखाधड़ी से कैसे सुरक्षित रखा जा सकता है।
युवाओं को अपनी सीमाएं पहचानने की जरूरत
युवाओं को संदेश देते हुए अभिनेत्री व्योमा ने कहा कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी चीज की अति नुकसानदायक हो सकती है, इसलिए सोशल मीडिया का इस्तेमाल अपनी सीमाओं के भीतर रहकर करना चाहिए।
उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे किसी भी परिस्थिति में अपने विवेक और अंतरात्मा से समझौता न करें। उनका कहना था कि गलत रास्ते पर उठाया गया कदम अंततः दूसरों से ज्यादा खुद के जीवन को प्रभावित करता है।
व्योमा ने कहा कि जीवन में गलतियां हर किसी से होती हैं, लेकिन जरूरी यह है कि व्यक्ति अपनी गलती से सीख लेकर आगे बढ़े। उन्होंने उम्मीद जताई कि युवा सही और गलत के बीच अंतर को समझेंगे और सोशल मीडिया का इस्तेमाल अपनी प्रतिभा, सीख और सकारात्मक विकास के लिए करेंगे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal