Monday , June 22 2026

SSB के जवानों ने योगाभ्यास कर दिया फिट और स्वस्थ रहने का संदेश

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। सीमान्त मुख्यालय सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), लखनऊ सहित अधीनस्थ वाहिनियों एवं इकाइयों में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। मुख्य कार्यक्रम महानिरीक्षक रत्न संजय के मार्गदर्शन तथा उप-महानिरीक्षक एस. जितेन सिंह एवं एस.डी. शेरखाने के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम में सीमान्त मुख्यालय एवं वर्तुल वाहिनी के अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों, जवानों तथा उनके परिवारजनों सहित लगभग 265 प्रतिभागियों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। इस दौरान प्रशिक्षकों द्वारा विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया तथा योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की जानकारी दी गई।

योगाभ्यास के उपरांत प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय समारोह का सीधा प्रसारण देखा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन को सुना। कार्यक्रम में नियमित योगाभ्यास को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया।

उप-महानिरीक्षक एस. जितेन सिंह ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जो संपूर्ण विश्व को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का मार्ग दिखाती है। उन्होंने सभी कार्मिकों से योग को अपनी दिनचर्या का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का समापन स्वस्थ, निरोग एवं सकारात्मक जीवन जीने के संकल्प के साथ हुआ। इस आयोजन ने बल कार्मिकों एवं उनके परिवारजनों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ योग के प्रति उनकी रुचि और प्रतिबद्धता को और मजबूत किया।