लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भारतीय जन उद्योग व्यापार मण्डल एवं योगा कुलम के संयुक्त तत्वावधान में योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों, माताओं, बहनों, युवाओं एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता कर योग के प्रति अपनी आस्था एवं जागरूकता का परिचय दिया।

कार्यक्रम में भारतीय जन उद्योग व्यापार मण्डल के राष्ट्रीय अध्यक्ष सहदेव सिंह बैसवारा, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष विवेक शुक्ला, राष्ट्रीय प्रभारी हनुमंत सिंह, जिलाध्यक्ष अवधेश विश्वकर्मा सहित प्रदेश कार्यकारिणी, जिला, इकाई एवं संगठन के अनेक पदाधिकारी, सदस्य एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
योगा कुलम के निदेशक मनीष सिंह के नेतृत्व में संस्था के समस्त अधिकारी, कर्मचारी, प्रशिक्षक एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। योग विशेषज्ञों एवं प्रशिक्षकों द्वारा उपस्थित जनसमूह को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया गया तथा योग को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान योग प्रशिक्षण देने वाले योगा कुलम के सभी प्रशिक्षकों को भारतीय जन उद्योग व्यापार मण्डल एवं योगा कुलम के पदाधिकारियों द्वारा स्मृति चिन्ह एवं पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक, आध्यात्मिक एवं सामाजिक संतुलन का भी आधार है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष सहदेव सिंह बैसवारा ने कहा कि भारत की प्राचीन योग परंपरा आज पूरे विश्व को स्वस्थ जीवन का मार्ग दिखा रही है और प्रत्येक नागरिक को योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए। योगा कुलम के निदेशक मनीष सिंह ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए योग को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम का सफल संचालन एवं समापन राष्ट्रहित, जनकल्याण एवं स्वस्थ भारत के संकल्प के साथ किया गया। आयोजन में विशेष रूप से माताओं एवं बहनों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने कार्यक्रम को और अधिक भव्य एवं सफल बनाया।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal