Sunday , June 21 2026

AKTU : योग के साथ, पर्यावरण संरक्षण, विकास और आत्मनिर्भरता का दिया संदेश

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। डॉ0 एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय में रविवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। इस मौके पर कुलपति प्रोफेसर जेपी पांडे की अध्यक्षता में विश्वविद्यालय एवं संबद्ध  संस्थानों में सभी शिक्षकों अधिकारियों कर्मचारियों और छात्रों ने योग के विभिन्न आसनों एवं प्राणायाम को किया।

परिसर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी बहुउदे्श्यीय सभागार में प्रातः कुलपति प्रो0 जेपी पांडेय के निर्देशन में योग प्रशिक्षक अंशु श्रीवास्तव ने सभी को विभिन्न आसनों को कराया। शरीर को स्वस्थ्य रखने के लिए ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, शवासन सहित अन्य आसन कराये गये। इसके अलावा मन को शांत रखने के लिए कपालभांति, अनुलोम-विलोम आदि प्राणायाम का अभ्यास सभी ने किया। इस दौरान कुलसचिव रीना सिंह, वित्त अधिकारी केशव सिंह के अलावा पंकज तिवारी, दिव्या शुक्ला, अजय यादव सहित अन्य अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी, आम जनमानस और छात्रों ने हिस्सा लिया।

साइकिल यात्रा से दिया संदेश

योग सत्र के बाद पर्यावरण का संदेश देने के लिए कुलपति प्रोफेसर जेपी पांडे के निर्देशन में विश्वविद्यालय परिसर से आईईटी परिसर तक साइकिल यात्रा निकाली गई। जिसमें विश्वविद्यालय के सभी अधिकारी कर्मचारी और शिक्षकों ने हिस्सा लिया एवं पर्यावरण बचाने का संदेश दिया।

परिचर्चा में योजनाओं की दी गई जानकारी

विश्वविद्यालय में मोदी-योगी-विकास संवाद”-युवा, किसान, महिला एम एस एम ई प्रतिनिधियों के साथ परिचर्चा एवं स्थानीय हस्तशिल्प, एक जिला, एक उत्पाद एवं खादी उत्पादों को प्रोत्साहन संबंधी कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुलपति प्रोफेसर जेपी पांडे की अध्यक्षता में ओडीओपी सेल लखनऊ के असिस्टेंट कमिश्नर विमल सिंह ने एक जिला एक उत्पाद के तहत उद्यमियों एवं इकाइयों को दी जाने वाली सरकारी योजनाओं और फंड्स के बारे में जानकारी साझा की। 

उन्होंने बताया कि उद्यमियों को सरकार की ओर से प्रोत्साहन देने के लिए वित्तीय सहायता के साथ ही विभिन्न मंचों और बाजार की भी सुविधा प्रदान की जा रही है। इस मौके पर एसोसिएट डीन इनोवेशन डॉ. अनुज कुमार शर्मा, उप कुलसचिव डॉ आयुष श्रीवास्तव, उप परीक्षा नियंत्रक नेहा श्रीवास्तव, सहायक कुल सचिव सुनील पांडे, शिवम गुप्ता, रंजीत सिंह, प्रोग्रामर शुभी पांडे सहित अन्य लोग मौजूद रहे।