लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। सेंट जोसेफ कॉलेज में वार्षिक समारोह ‘नक्षत्र’ का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास एवं भव्यता के साथ किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं वंदना के साथ हुआ। विद्यालय परिवार द्वारा मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपनी मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। समारोह का एक विशेष आकर्षण ICSE एवं ISC बोर्ड परीक्षाओं के मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान समारोह रहा।
मुख्य अतिथि डॉ. राजेश्वर सिंह ने विद्यार्थियों को यह प्रेरणादायक संदेश दिया कि जिस प्रकार आकाश का प्रत्येक तारा अपनी अलग पहचान और चमक रखता है, उसी प्रकार प्रत्येक विद्यार्थी के भीतर भी एक अद्वितीय प्रतिभा विद्यमान होती है। आवश्यकता है केवल उसे पहचानने, निखारने और सही दिशा प्रदान करने की।

विद्यालय के प्रबंध निदेशक अनिल अग्रवाल ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए अपने सपनों को साकार करने तथा जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में नक्षत्र के भाँति प्रकाशमान होने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय की प्रबंध निदेशिका नम्रता अग्रवाल, संयुक्त निदेशक सृजन अग्रवाल, प्रशासनिक अधिकारी पल्लवी उपाध्याय एवं प्रधानाचार्य चारू खरबंदा ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह का समापन धन्यवाद ज्ञापन एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal