लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। जियोहॉटस्टार पर 19 जून को रिलीज़ होने जा रही वेब सीरीज ‘ठुकरा के मेरा प्यार सीजन 2’ के कलाकार संचिता बसु और धवल ठाकुर इन दिनों अपने शो के प्रचार-प्रसार में व्यस्त हैं। इसी क्रम में मंगलवार शाम दोनों कलाकार गोमती तट स्थित बीरबल साहनी मार्ग पर बने श्री खाटू श्याम मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने बाबा खाटू श्याम के दर्शन-पूजन कर वेब सीरीज की सफलता और दर्शकों के स्नेह की कामना की।

मंदिर पहुंचने पर श्री श्याम परिवार के अध्यक्ष संजीव अग्रवाल, कोषाध्यक्ष आशीष अग्रवाल, सुधीश गर्ग, लोकेश अग्रवाल, प्रदीप अग्रवाल और प्रवक्ता अनुराग साहू ने दोनों कलाकारों का स्वागत किया तथा स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

दर्शन-पूजन के बाद संचिता बसु और धवल ठाकुर ने मंदिर परिसर में आयोजित श्री बालाजी महाराज भोग प्रसाद भंडारे में भाग लिया। दोनों कलाकारों ने काफी समय तक श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। उनका यह आध्यात्मिक और सेवा भाव से ओत-प्रोत अंदाज मंदिर में मौजूद भक्तों के बीच आकर्षण का केंद्र बना रहा। श्रद्धालुओं ने भी उनके साथ इस धार्मिक आयोजन में हिस्सा लिया, जिससे पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।

श्री श्याम परिवार के प्रवक्ता अनुराग साहू ने बताया कि दोनों कलाकारों ने मंदिर में विधिवत दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और उपस्थित श्रद्धालुओं से मुलाकात कर सेवा एवं आस्था से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि भक्तों ने भी कलाकारों की इस पहल की सराहना करते हुए इसे भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़ा सकारात्मक संदेश बताया।
इस अवसर पर अभिनेत्री संचिता बसु ने कहा कि मंदिर परिसर में चल रहे भंडारे का हिस्सा बनना और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित करना उनके लिए अत्यंत संतोषजनक अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि यहां के लोगों की आस्था और स्नेह ने इस यात्रा को उनके लिए यादगार बना दिया।

वहीं अभिनेता धवल ठाकुर ने कहा कि श्री खाटू श्याम मंदिर में आकर सेवा कार्य में योगदान देने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि सेवा, सहयोग और एकजुटता के ऐसे अवसर जीवन में कृतज्ञता और सकारात्मकता का भाव जगाते हैं।
कलाकारों की यह यात्रा स्थानीय समुदाय से जुड़ने का एक सार्थक अवसर साबित हुई, जहां भक्ति, सेवा और सामाजिक समरसता के मूल्यों को बढ़ावा देने का संदेश भी देखने को मिला।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal