लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। कैंट विधानसभा क्षेत्र के कैंट मंडल-एक में भाजपा लखनऊ महानगर द्वारा आयोजित प्रबुद्धजन एवं वरिष्ठजन संवाद कार्यक्रम में रक्षा मंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, भाजपा महानगर अध्यक्ष आनन्द द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन और वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में राजनाथ सिंह ने कहा कि वर्ष 2014 में सांसद बनने के बाद लखनऊ की सबसे बड़ी समस्या ट्रैफिक जाम थी। इसे दूर करने के लिए रिंग रोड परियोजना को प्राथमिकता दी गई, जिसका लाभ आज शहरवासियों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि रिंग रोड बनने से यातायात व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार आया है और शहर के विकास को नई गति मिली है।

रक्षा मंत्री ने कहा कि लखनऊ रक्षा उत्पादन और अनुसंधान का महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभर रहा है। ब्रह्मोस मिसाइल परियोजना सहित कई रक्षा संबंधी इकाइयों को बढ़ावा दिया गया है। साथ ही डीआरडीओ की प्रयोगशालाओं के विस्तार से युवाओं को शोध और नवाचार के नए अवसर प्राप्त हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा बढ़ी है तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि देश का रक्षा उत्पादन लगातार बढ़ रहा है और अधिकांश रक्षा उपकरण अब देश में ही निर्मित किए जा रहे हैं।

उत्तर प्रदेश की प्रगति का उल्लेख करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति में व्यापक सुधार हुआ है। पांच अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों के निर्माण के साथ ही लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं भी शीघ्र शुरू होने जा रही हैं। उन्होंने बताया कि लखनऊ में अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर समेत विभिन्न आधारभूत सुविधाओं का भी तेजी से विकास किया जा रहा है।
स्टार्टअप क्षेत्र की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि देश में लगभग दो लाख स्टार्टअप कार्यरत हैं और यूनिकॉर्न कंपनियां भारत की नई आर्थिक शक्ति का प्रतीक बन चुकी हैं। युवाओं की प्रतिभा और नवाचार देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

अपने संबोधन के अंत में रक्षा मंत्री ने कहा कि वैश्विक चुनौतियों और अंतरराष्ट्रीय संकटों के बावजूद भारत मजबूत स्थिति में है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है और भारत का मस्तक किसी भी परिस्थिति में झुकने नहीं दिया जाएगा।
विकास कार्यों की सराहना, नई मांगें भी उठीं
संवाद के दौरान प्रबुद्धजनों ने आलमबाग स्थित अवध अंडरपास के निर्माण के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे यातायात जाम की समस्या में काफी राहत मिली है। साथ ही लखनऊ के विभिन्न क्षेत्रों तक मेट्रो सेवा के विस्तार की मांग भी उठाई गई।

सिख समाज के प्रतिनिधियों ने लखनऊ से अमृतसर के लिए सीधी हवाई सेवा अथवा वंदे भारत ट्रेन शुरू किए जाने की मांग रखी। इसके अलावा धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों के लिए सिख समाज को स्थायी सांस्कृतिक केंद्र अथवा सभास्थल उपलब्ध कराने का सुझाव भी दिया गया। कार्यक्रम में हरित विकास, वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े प्रयासों को और गति देने पर जोर दिया गया। अधिवक्ताओं के हित में लिए गए निर्णयों की भी सराहना की गई।

मीडिया प्रभारी अनुराग साहू ने बताया कि कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य रामचंद्र प्रधान, मुकेश शर्मा, सांसद प्रतिनिधि दिवाकर त्रिपाठी, महानगर महामंत्री घनश्याम दास अग्रवाल, उपाध्यक्ष योगेंद्र पटेल, विनायक पांडेय, मंडल अध्यक्ष राजन वर्मा, पार्षद सुधीर मिश्रा, श्रवण नायक सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन एवं वरिष्ठजन उपस्थित रहे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal